Breaking News

नई दिल्ली@कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 993 रुपए महंगा,दिल्ली में 3000 के पार

Share


नई दिल्ली,01 मई 2026। मई महीने की शुरुआत के साथ ही व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर (19 किलोग्राम) की कीमतों में उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। 1 मई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 993 रुपए महंगा हो गया है, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत 3,071.50 रुपए और मुंबई में 3,024 रुपये हो गई है। इस बड़ी बढ़ोतरी का सीधा असर कारोबारियों की लागत पर पड़ेगा। यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी अस्थिरता के बीच हुई है और ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह लगातार तीसरी बार है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। मार्च में 144 रुपए और अप्रैल में लगभग 200 रुपए की बढ़ोतरी के बाद, यह अब तक की सबसे बड़ी मासिक वृद्धि है। राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस मूल्य वृद्धि का सबसे अधिक असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और कैटरिंग जैसे व्यवसायों पर पड़ेगा, जिनकी परिचालन लागत में सीधा इजाफा होगा। ऐसी आशंका है कि कारोबारी बढ़ी हुई लागत का बोझ अंततः उपभोक्ताओं पर डाल सकते हैं, जिससे बाहर खाना, स्नैक्स और फूड डिलीवरी जैसी सेवाएं महंगी हो सकती हैं।
गैस सिलेंडर के दाम बढऩे पर राहुल गांधी का निशाना,बोले…अब पेट्रोल-डीजल पर अगला वार
चुनाव खत्म होते ही कामर्शियल गैस के सिलेंडर के दाम एकदम से 993 रुपये बढऩे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही बताया था कि चुनाव के बाद महंगाई बढ़ेगी और आज कामर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल ने कहा कि यह एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी है और अब अगला वार पेट्रोल-डीजल पर होगा। राहुल ने एक्स पर लिखा, कह दिया था- चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी। आज कामर्शियल गैस सिलेंडर 993 रुपये महंगा। एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी। यह चुनावी बिल है। फरवरी से अब तक- 1,380 रुपये की बढ़ोतरी- सिफऱ् 3 महीनों में 81 प्रतिशत का इजाफा। चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी, हलवाई- हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ा। और इसका असर आपकी थाली पर भी पड़ेगा। पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीज़ल पर। नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में अब 19 किलोग्राम वाले कामर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 3,071.5 रुपये हो गया है। आम लोगों को राहत देते हुए घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सिलिंडर के दाम बढ़ने पर कांग्रेस आक्रामक
कहा- फिर चला महंगाई का चाबुक…

व्यवसायिक सिलिंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने व्यवसायिक सिलिंडर की कीमतों में उछाल के मुद्दे पर सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा, ‘महंगाई मैन मोदी’ का चाबुक फिर चला। कमर्शियल सिलिंडर 993 रुपए महंगा हुआ। मोदी ने पिछले 4 महीने में कमर्शियल सिलिंडर के दाम इस तरह बढ़ाए।’ कांग्रेस ने कहा, ‘कमर्शियल सिलिंडर सिर्फ 4 महीने में 1,518 रुपए महंगा हो गया। अभी साल के 8 महीने बाकी हैं। मोदी की वसूली जारी है…। मोदी सरकार सिर्फ वसूली करना जानती है। अब 5 किलो वाला छोटू सिलिंडर भी महंगा कर दिया। पहले आधार कार्ड पर सिलिंडर बांटे, फिर उसका दाम बढ़ा दिया।


Share

Check Also

बिलासपुर@बिलासपुर में गोमांस तस्करी करते मां-बेटी गिरफ्तार

Share सूटकेस से 10 किलो प्रतिबंधित मांस बरामदबिलासपुर,01 मई 2026। शहर में अवैध मांस तस्करी …

Leave a Reply