Breaking News

कोरिया/ सोनहत@ स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

Share

सही दवा-शुद्ध आहार’ अभियानः सोनहत में खाद्य व औषधि विभाग की संयुक्त दबिश,एक्सपायरी सामान मौके पर नष्ट
कोरिया/ सोनहत,01 मई 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ शासन के संकल्प ‘सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार’ को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए जिला प्रशासन कोरिया पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे 15 दिवसीय सघन जांच अभियान के तहत गुरुवार को सोनहत विकासखंड में बड़ी कार्रवाई की गई, अभियान के चौथे दिन खाद्य एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर दुकानदारों और दवा विक्रेताओं में हड़कंप मचा दिया।
दुकानों से ठेलों तक सघन जांच,हर स्तर पर कार्रवाई
जांच टीम ने सोनहत के मुख्य बाजार में बड़े प्रतिष्ठानों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों को भी जांच के दायरे में लिया, मिठाई दुकानें, किराना स्टोर, आइसक्रीम पार्लर,दवा दुकानें और यहां तक कि गुपचुप के ठेलों तक की बारीकी से जांच की गई, निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता,भंडारण व्यवस्था और स्वच्छता के स्तर को परखा। कई जगहों पर अनियमितताएं सामने आने पर तत्काल कार्रवाई भी की गई।
दवा दुकानों पर विशेष नजर, रिकॉर्ड का मिलान-औषधि प्रकोष्ठ की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों की दवा दुकानों और कॉस्मेटिक सेंटरों का भी निरीक्षण किया, इस दौरान दवाइयों के स्टॉक,उनकी गुणवत्ता और क्रय-विक्रय रिकॉर्ड (ट्रेसबिलिटी) की जांच की गई, अधिकारियों ने पाया कि कुछ स्थानों पर रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही बरती जा रही है, जिस पर सुधार के निर्देश दिए गए।
दवा विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देशः केवल अधिकृत स्रोत से खरीदी- निरीक्षण के दौरान दवा विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी गई कि वे दवाइयों की खरीदी केवल अधिकृत डीलरों से ही करें, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाहरी राज्यों के अनियमित स्रोतों से दवा मंगाना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और इस पर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही तापमान संवेदनशील दवाओं के लिए कोल्ड चेन बनाए रखना अनिवार्य बताया गया।
कॉस्मेटिक उत्पादों की भी जांच, नकली सामान पर नजर
टीम ने सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों में भी जांच की और उत्पादों के बैच नंबर, लेबलिंग और गुणवत्ता की पड़ताल की, नकली और डुप्लिकेट उत्पादों के बढ़ते खतरे को देखते हुए विक्रेताओं को केवल लाइसेंसधारी कंपनियों से ही सामान खरीदने के निर्देश दिए गए, अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का संदेश : स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं- अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्होंने बताया कि यह अभियान 11 मई तक लगातार जारी रहेगा और जांच के दायरे को और व्यापक किया जाएगा,नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों और दवा विक्रेताओं पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एक्सपायरी सामान मौके पर नष्ट, लाइसेंस पर सख्ती-
जांच के दौरान जिन दुकानों में एक्सपायरी खाद्य सामग्री पाई गई, उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया, इसके साथ ही बिना पंजीयन संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों को तत्काल लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए गए, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति व्यापार करना नियमों का उल्लंघन है और भविष्य में ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता और भंडारण पर कड़ी चेतावनी-
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में स्वच्छता मानकों की अनदेखी भी सामने आई, टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री के सही भंडारण और कोल्ड चेन के पालन के निर्देश दिए, विशेष रूप से तापमान नियंत्रित उत्पादों जैसे आइसक्रीम और डेयरी आइटम के लिए उचित व्यवस्था रखने पर जोर दिया गया।
जागरूकता और सख्ती दोनों जरूरी
सोनहत में की गई यह कार्रवाई न केवल प्रशासन की सक्रियता को दर्शाती है, बल्कि यह भी संदेश देती है कि खाद्य और दवा सुरक्षा के मामले में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं चलेगी, यह अभियान उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, लेकिन इसके साथ ही आम जनता और व्यापारियों की जागरूकता भी उतनी ही जरूरी है, आने वाले दिनों में इस अभियान के परिणाम जिले में खाद्य और औषधि गुणवत्ता को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।


Share

Check Also

सूरजपुर,@अवैध शराब पर शिकंजा

Share सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,तस्कर गिरफ्तारसूरजपुर,01 मई 2026 (घटती-घटना)। अंतरराष्ट्रीय जिले में अवैध गतिविधियों …

Leave a Reply