सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,तस्कर गिरफ्तार
सूरजपुर,01 मई 2026 (घटती-घटना)। अंतरराष्ट्रीय जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया, सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब और परिवहन में प्रयुक्त कार जब्त की है।
चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश,घेराबंदी कर पकड़ा गया- पुलिस को यह सफलता 30 अप्रैल 2026 को उस समय मिली, जब थाना रमकोला क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान एक संदिग्ध कार (क्रमांक ष्टत्र 15 श्व्य 0367) ग्राम दुलदुली की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा, स्थिति को भांपते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को ग्राम धुरिया के पास रोक लिया।
कार की डिक्की से मिली शराब की खेप- वाहन चालक की पहचान संजय कुमार (उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम दुलदुली) के रूप में हुई, पूछताछ के दौरान जब कार की डिक्की की तलाशी ली गई, तो उसमें सफेद बोरे में भरी अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं, जांच में पाया गया कि कुल 100 नग शराब का परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने एक कार्टून जमीन पर पटक दिया, जिससे 16 नग शराब की बोतलें टूटकर नष्ट हो गईं। शेष 84 नग अंग्रेजी शराब पुलिस ने जब्त कर ली। बरामद 84 नग गोवा अंग्रेजी व्हिस्की की कीमत लगभग 10,080 रुपये आंकी गई है। आरोपी से शराब के परिवहन, बिक्री या भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज- मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही शराब और परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त किया गया है।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका- इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रमकोला हीरालाल साहू के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक जगमंडल लकड़ा, आरक्षक सोहन नेताम, मोतीलाल यादव, सैनिक रामाशंकर एवं रामोधार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लगातार जारी है अभियान- जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी सहित किसी भी गैरकानूनी कार्य में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur