Breaking News

सोनहत (कोरिया)@ सोनहत के वनांचल में विकास की नई उड़ान…

Share

  • बुड़की नदी पर पांच करोड़ का पुल तैयार…अब थमेगा मुश्किलों का सफर
  • नवाटोला और देवतीडाण्ड के ग्रामीणों का दशकों पुराना सपना हुआ साकार
  • उप-स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन से स्वास्थ्य सुविधाओं में आएगा क्रांतिकारी बदलाव
  • पूर्ववर्ती सरकार में तत्कालीन विधायक गुलाब कमरो ने दिलाई थी स्वीकृति


-राजन पाण्डेय-
सोनहत (कोरिया) ,01 मई 2026 (घटती-घटना)।
कोरिया जिले के विकासखण्ड सोनहत अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम नवाटोला और देवतीडाण्ड हर्रा डीह के ग्रामीणों के लिए खुशियों की नई सुबह आई है,क्षेत्र की जीवनदायिनी मानी जाने वाली बड़की नदी पर 5 करोड़ की लागत से निर्मित भव्य पुल अब पूरी तरह बनकर तैयार है और इस पर आवागमन भी शुरू हो चुका है, इसके साथ ही देवतीडाण्ड में नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र का भवन भी पूर्ण हो चुका है। इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से वनांचल में विकास का एक नया युग प्रारंभ हो गया है।
खत्म हुआ दशकों का जल-वनवास- विदित हो कि बड़की नदी पर पुल न होने के कारण बारिश के महीनों में नवाटोला और देवतीडाण्ड का संपर्क बाकी दुनिया से कट जाता था। ग्रामीण एक तरह से टापू में रहने को मजबूर थे, मरीजों को खाट पर लादकर उफनती नदी पार कराना या कई किलोमीटर का चक्कर लगाना यहाँ की नियति बन चुकी थी। अब पुल बन जाने और आवाजाही शुरू होने से ग्रामीणों का ‘वनवास’ खत्म हो गया है। व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ अब बच्चों के लिए स्कूल और मरीजों के लिए अस्पताल की राह आसान हो गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं में मील का पत्थरः अब नहीं जाना होगा भैसवार- पुल के साथ-साथ देवतीडाण्ड में बनकर तैयार हुआ उप-स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, अब तक इस क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए भी भैसवार तक का कठिन सफर तय करना पड़ता था, विशेषकर गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बरसात के समय अस्पताल पहुँचना जान जोखिम में डालने जैसा था,अब गाँव में ही स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा उपलब्ध होने से इलाज के अभाव में होने वाली अनहोनी पर लगाम लगेगी।
तत्कालीन विधायक गुलाब कमरो के प्रयासों की सफलता-इन विकास कार्यों की आधारशिला तत्कालीन विधायक गुलाब कमरो के कार्यकाल में रखी गई थी। ग्रामीणों की निरंतर मांग और पीड़ा को देखते हुए उन्होंने पिछली सरकार में शासन स्तर पर एड़ी-चोटी का जोर लगाकर करोड़ों की राशि स्वीकृत कराई थी, नवाटोला में स्वयं भूमिपूजन कर उन्होंने कार्य की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित की। आज जब यह पुल और भवन बनकर तैयार हैं,तो ग्रामीण इसे पूर्व विधायक की दूरदर्शिता और ‘भगीरथ प्रयास’ का सुखद परिणाम मान रहे हैं।
इनका कहना है…


‘मेरा संकल्प हमेशा वनांचल के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का रहा है। नवाटोला और देवतीडाण्ड के भाइयों-बहनों ने बरसात में जो कष्ट सहा है, वह मेरी प्राथमिकता में था। आज जब पुल पर गाडि़यां चल रही हैं और अस्पताल तैयार है, तो मुझे आत्मसंतुष्टि है कि अब जनता को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
गुलाब कमरो (पूर्व विधायक, भरतपुर-सोनहत)


नवाटोला और देवतीडाण्ड के लोग वर्षों से इस सौगात की राह देख रहे थे। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने जनभावनाओं को समझा और करोड़ों की राशि स्वीकृत कराकर काम चालू करवाया। आज जो बदलाव दिख रहा है, वह उनकी विकासवादी सोच का नतीजा है।
पुष्पेंद्र राजवाड़े (अध्यक्ष, जन सहयोग समिति)


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ अंबिकापुर में मिली 1965 की हस्तलिखित पत्रिका उदगार की दुर्लभ पाण्डुलिपि

Share अम्बिकापुर ,01 मई 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर के गोधनपुर क्षेत्र में हस्तलिखित मासिक पत्रिका उदगार …

Leave a Reply