

- क्या घुटरा जंगल की कार्रवाई पहले से स्क्रिप्टेड’ थी?
- छोटे फड़ पर शेर, बड़े जुए पर ढेर? — मनेंद्रगढ़ में कार्रवाई या ‘इमेज मैनेजमेंट’ का खेल
- छोटे जुए पर कार्रवाई,बड़े खेल पर चुप्पी — मनेंद्रगढ़ में ‘सेटिंग’ का सच!
- रेड या रिहर्सल? जंगल में जुआ,फाइल में कार्रवाई और सवालों का अंबार
- खबर छपी तो कार्रवाई हुई,लेकिन निशाना वही छोटा फड़!
- जुआ पकड़ने से ज्यादा कहानी बचाने की कोशिश? मनेंद्रगढ़ पुलिस पर सवाल
- 57 हजार की बरामदगी,लाखों के खेल पर खामोशी
- आखिर किसे बचाया जा रहा है ?
- पुलिस आई,जुआरी बैठे रहे-कहानी में ट्विस्ट या पहले से तय प्लान?
- जुआ नहीं मिला,पेड़ के नीचे पैसा मिल गया — ‘इंटेलिजेंस’ का कमाल!
- जुआ पकड़ने से पहले कहानी लिखी गई? मनेंद्रगढ़ केस बना मिसाल
- मनेंद्रगढ़ में जुए पर ‘दिखावटी सख्ती’,बड़े नेटवर्क पर रहस्यमयी खामोशी
- छोटे पर वार, बड़े से प्यार? पुलिस कार्रवाई पर उठे तीखे सवाल
- कार्रवाई या कवरअप? जुआ मामले में पुलिस
- की भूमिका पर संदेह गहराया
- भूमिकाः खबर सही थी या संयोग भी अब संदिग्ध?
- जब जवाब नहीं मिला,तो सवाल पूछने वाले पर ही केस बन गया
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर,01 मई 2026 (घटती-घटना)। कहते हैं कि पत्रकारिता का काम सवाल उठाना है और प्रशासन का काम उन सवालों का जवाब देना,लेकिन मनेंद्रगढ़ में हालिया घटनाक्रम ने इस परंपरा को थोड़ा उल्टा कर दिया है,यहां सवाल भी वही निकले जो पहले उठाए गए थे, और जवाब भी वही मिले जिनकी पहले ही आशंका जताई गई थी, दैनिक घटती-घटना ने कुछ दिन पहले जिस ‘जुए के दोहरे नेटवर्क’ का खुलासा किया था एक छोटा दिखावटी फड़ और दूसरा बड़ा संगठित जाल—अब पुलिस की कार्रवाई ने मानो उस खबर को ‘प्रैक्टिकल डेमो’ में बदल दिया है, फर्क बस इतना है कि यहां अपराधी नहीं, बल्कि सवाल ज्यादा पकड़े गए हैं। बता दे की मनेंद्रगढ़ में जुए के खिलाफ कोतवाली पुलिस की हालिया कार्रवाई अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है,जहां एक ओर पुलिस इसे बड़ी सफलता बताकर अपनी सक्रियता दिखा रही है,वहीं दूसरी ओर सूत्रों से मिली जानकारी इस पूरी कार्रवाई की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है,दैनिक घटती-घटना में पहले प्रकाशित खबर के बाद हुई इस रेड को अब कई लोग ‘प्रेशर में की गई कार्रवाई’ ही नहीं, बल्कि ‘पूर्व नियोजित ऑपरेशन’ तक बता रहे हैं।
कार्रवाई का सरकारी संस्करण में जंगल में दबिश,5 जुआरी गिरफ्तार
कोतवाली मनेंद्रगढ़ पुलिस ने 27 अप्रैल को घुटरा-सलवा जंगल में रेड कार्रवाई करते हुए 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया, पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई और टीम ने बड़ी चतुराई से ग्रामीण वेशभूषा में पहुंचकर आरोपियों को धर दबोचा, कार्रवाई में कुल ?57,000 नगद, 4 ताश की गड्डियां और एक तिरपाल जब्त किया गया, आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई, कागजों में यह कार्रवाई पूरी तरह ‘सफल’ और ‘प्रभावी’ नजर आती है,लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती—असल कहानी तो यहीं से शुरू होती है।
सूत्रों का खुलासा ये रेड नहीं, ‘रेडीमेड ऑपरेशन’?
पड़ताल में सामने आई जानकारी इस कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है,सूत्रों के अनुसार यह पूरी कार्रवाई किसी फिल्मी स्कि्रप्ट से कम नहीं थी जहां क्लाइमैक्स पहले से तय था और कलाकारों को अपने-अपने किरदार पता थे,बताया जाता है कि थाना प्रभारी को पहले से ही पूरी जानकारी थी इतनी सटीक कि पैसा किस पेड़ के नीचे छुपाया गया है,यह भी मालूम था, अब सवाल यह है कि इतनी ‘परफेक्ट इंटेलिजेंस’ अगर थी,तो फिर यह नेटवर्क पहले क्यों नहीं पकड़ा गया? या फिर यह इंटेलिजेंस सिर्फ उसी दिन ‘एक्टिव’ हुई, जिस दिन खबर का दबाव बढ़ा?
जुआरी या दर्शक? 100 मीटर से पुलिस दिखी,फिर भी आराम
सूत्रों के अनुसार पुलिस जब मौके पर पहुंच रही थी, तब जुआरियों को लगभग 100 मीटर दूर से ही पुलिस की भनक लग चुकी थी,सामान्य परिस्थितियों में यह खबर मिलते ही भगदड़ मच जाती है,लेकिन यहां दृश्य कुछ अलग ही था,बताया गया कि आरोपी आराम से बैठे थे और बिरयानी खा रहे थे गांजा पी रहे थे और सबसे खास—कोई जुआ खेलता हुआ नहीं दिखा, अब यह स्थिति ऐसी है जैसे परीक्षा में छात्र को पहले से प्रश्नपत्र मिल जाए और वह निश्चिंत होकर चाय पीते हुए इंतजार करे कि निरीक्षक कब आएगा।
व्यंग्यात्मक सच्चाई : ‘नाटक सफल रहा,दर्शक असंतुष्ट’
अगर इस पूरे घटनाक्रम को व्यंग्य में समझें,तो यह एक ऐसा नाटक है जहां स्कि्रप्ट पहले से लिखी गई,कलाकारों को रोल समझा दिए गए,मंच सजाया गया और अंत में तालियां भी बजीं,लेकिन दर्शक (जनता) संतुष्ट नहीं हुई, क्योंकि उन्हें असली कहानी पता है।
असली कार्रवाई अभी बाकी
घुटरा जंगल की यह कार्रवाई भले ही रिकॉर्ड में दर्ज हो गई हो, लेकिन यह सवालों के जंगल में उलझ गई है, जब तक बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई नहीं होती, जांच पारदर्शी नहीं होती,और जिम्मेदारी तय नहीं होती तब तक ऐसी कार्रवाइयां सिर्फ ‘दिखावटी सख्ती’ के तौर पर ही देखी जाएंगी, मनेंद्रगढ़ में जुए के खिलाफ असली लड़ाई अभी बाकी है—और यह लड़ाई सिर्फ अपराधियों से नहीं, बल्कि उस सोच से है जो ‘छोटे को पकड़ो,बड़े को छोड़ो’ पर चलती है।
जब जवाब नहीं मिला,तो सवाल पूछने वाले पर ही केस बन गया
‘खबर गलत है’ नहीं कह पाए, तो ‘पत्रकार गलत है’ कह दिया-मनेंद्रगढ़ के जुआ प्रकरण में अब कहानी इतनी दिलचस्प मोड़ पर आ गई है कि लगता है जैसे जांच नहीं, बल्कि चरित्र परीक्षण चल रहा हो और वह भी अपराधियों का नहीं, पत्रकार का, सूत्रों के मुताबिक,जब खबर ने पुलिस महकमे में हलचल मचाई, तो पुलिस अधीक्षक स्तर पर संज्ञान लिया गया और कोतवाली प्रभारी से जवाब मांगा गया, अब यहां उम्मीद थी कि जवाब तथ्यों पर आधारित होगा कहां कार्रवाई हुई, कैसे हुई, क्या मिला, क्या नहीं मिला, लेकिन जवाब कुछ अलग ही निकला, बताया गया कि कोतवाली प्रभारी ने अपने बचाव में यह कहा कि खबर लिखने वाला पत्रकार ‘रात में शराब पीकर खबर लिखता है’ और ‘पुलिस का विरोधी है ‘, इसलिए खबर का मकसद केवल बदनाम करना है, अब सवाल यह है कि क्या खबर का जवाब खबर से नहीं, बल्कि पत्रकार की आदतों से दिया जाएगा? अगर खबर गलत थी, तो तथ्य रखिए, सबूत दीजिए, खंडन करिए, लेकिन यहां तो पूरी बहस ही बदल दी गई मुद्दाः जुआ ? बहसः पत्रकार की जिंदगी। यह वही क्लासिक रणनीति है, जिसमें गेंद को मैदान से बाहर फेंक दिया जाता है ताकि मैच ही रुक जाए।
मुखबिर तंत्र का कमाल जुआ नहीं दिखा
पर पत्रकार की दिनचर्या दिख गई?-अब इस पूरे मामले का सबसे ‘रोमांचक’ हिस्सा सुनिए, जिस पुलिस का मुखबिर तंत्र बड़े जुआ नेटवर्क तक पहुंचने में अक्सर चूक जाता है,वही तंत्र पत्रकार की निजी आदतों तक की जानकारी बड़े आत्मविश्वास से दे रहा है, मतलब जुआ कहां चल रहा है,यह स्पष्ट नहीं लेकिन पत्रकार रात में क्या करता है, यह पूरी डिटेल में उपलब्ध है! यह ऐसी ‘इंटेलिजेंस’ है,जिस पर शोध होना चाहिए,क्योंकि आमतौर पर मुखबिर अपराध की जानकारी देता है, लेकिन यहां तो लगता है कि मुखबिर ने ‘पर्सनल प्रोफाइलिंग सर्विस’ भी शुरू कर दी है, अब सवाल यह है कि क्या यह जानकारी वाकई जांच का हिस्सा है? या फिर यह केवल एक ‘कहानी’ है, जो अपने अधिकारी को सुनाकर माहौल हल्का किया जा सके? और अगर यही सूचना तंत्र है, तो फिर यह समझना मुश्किल नहीं कि बड़े नेटवर्क तक पहुंच क्यों नहीं बन पाती क्योंकि ध्यान जुए पर कम और पत्रकार पर ज्यादा है।
मोबाइल नहीं, नेटवर्क नहीं — या जांच ही नहीं…
इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि गिरफ्तार 5 जुआरियों के पास से एक भी मोबाइल जब्त नहीं किया गया, आज के डिजिटल युग में जुआ नेटवर्क मोबाइल और संपर्क साधनों के बिना चलना लगभग असंभव है, ऐसे में मोबाइल का न मिलना दो ही बातों की ओर इशारा करता है या तो यह वास्तव में ‘छोटा फड़’ था, या फिर जांच को जानबूझकर सीमित रखा गया।
कानूनी कार्रवाई भी ‘लाइट वर्जन’?
आरोपियों पर केवल जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अन्य संभावित धाराएं—जैसे 151—नहीं लगाई गईं, यह ऐसा ही है जैसे कोई बड़ा अपराध पकड़कर भी उसे ‘छोटी गलती’ के रूप में दर्ज कर दिया जाए, ताकि मामला ज्यादा आगे न बढ़े।
खबर के बाद कार्रवाई : टाइमिंग पर भी सवाल
इस पूरी कार्रवाई की टाइमिंग भी सवालों के घेरे में है, खबर प्रकाशित होने के तुरंत बाद ही यह रेड होती है और ठीक उसी ‘छोटे फड़’ पर होती है,जिसका जिक्र पहले किया गया था, ऐसे में यह संयोग कम और ‘प्रतिक्रिया आधारित प्रबंधन’ ज्यादा लगता है।
पैसे की बरामदगीः ‘खोजो और पाओ’ या ‘पहले से जानो’?
मौके से तत्काल 7,000 बरामद हुए, जबकि बाकी 50,000 (दो बंडलों में 25-25 हजार) पेड़ों के नीचे से मिले, सूत्रों का दावा है कि थाना प्रभारी ने खुद कहा— ‘ये लोग पैसा छुपाते हैं, पेड़ों के नीचे देखो।’ और फिर ठीक उसी तरह पैसे मिल भी गए, यह घटनाक्रम किसी सामान्य जांच से ज्यादा ‘गाइडेड टूर’ जैसा लगता है, जहां गाइड पहले ही बता देता है कि खजाना कहां मिलेगा।
बड़ा नेटवर्क अब भी सुरक्षित?-
सबसे अहम सवाल यह है कि क्या जिले में केवल यही एक जुआ अड्डा था? या फिर बड़े नेटवर्क अब भी सक्रिय हैं? स्थानीय लोगों का मानना है कि बड़े स्तर पर जुआ अब भी जारी है, जहां लाखों का खेल होता है, लेकिन वहां तक पुलिस की पहुंच नहीं बन पाती—या शायद बनाई नहीं जाती।
विश्वसनीयता का सवालः जनता क्या सोचे?-
इस तरह की कार्रवाइयों का सबसे बड़ा असर जनता के भरोसे पर पड़ता है, जब लोगों को यह लगता है कि बड़े लोग बच रहे हैं, छोटे लोगों पर ही कार्रवाई हो रही है, तो कानून व्यवस्था की छवि कमजोर होती है।
प्रमोशन की दहलीज पर तर्कों की गिरावट या रणनीति की ऊंचाई?- इस पूरे घटनाक्रम का तीसरा और सबसे अहम पहलू है वह व्यक्ति जो यह सफाई दे रहा है, वह कोई नया अधिकारी नहीं, बल्कि जल्द ही डीएसपी बनने की कतार में खड़ा है, अब यहां दो संभावनाएं बनती हैं या तो अनुभव की कमी है, या फिर यह एक सोची-समझी रणनीति है, क्योंकि एक वरिष्ठ अधिकारी अगर अपने बचाव में यह कहे कि ‘पत्रकार दारू पीकर खबर लिखता है ‘,तो यह तर्क कम और बहाना ज्यादा लगता है, और अगर यह जानकारी किसी अधीनस्थ सुपर कॉप प्रधान आरक्षक जिसे व्यंग्य में ‘कमाऊ पुत्र’ कहा जा रहा है से आई है, और उसी पर भरोसा कर लिया गया,तो यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है,क्योंकि तब सवाल सिर्फ एक खबर का नहीं,बल्कि पूरे निर्णय तंत्र का हो जाता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण)- यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं सूत्रों पर आधारित है,इसमें व्यक्त कुछ बातें प्रारंभिक पड़ताल और व्यंग्यात्मक विश्लेषण का हिस्सा हैं, किसी भी पक्ष को आपत्ति होने पर वह अपना आधिकारिक स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है, जिसे स्थान दिया जाएगा।
मुद्दा जुआ नहीं,नजरिया बन गया है…
इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा व्यंग्य यही है कि जुआ पकड़ा गया या नहीं, यह अब द्वितीयक हो गया है असली चर्चा यह है कि पत्रकार कैसा है यह वैसा ही है जैसे घर में चोरी हो जाए और जांच इस बात पर शुरू हो जाए कि पड़ोसी रात को कितने बजे सोता है? अगर खबर गलत है, तो उसे तथ्य से गलत साबित कीजिए, अगर खबर सही है,तो कार्रवाई को और मजबूत कीजिए,लेकिन अगर दोनों में से कुछ भी नहीं किया गया और केवल सवाल पूछने वाले को ही कठघरे में खड़ा कर दिया गया, तो यह न तो प्रशासन के लिए अच्छा संकेत है और न ही व्यवस्था के लिए, अंत में यही कहा जा सकता है सवालों से भागने का सबसे आसान तरीका है सवाल पूछने वाले को ही सवाल बना देना, जिस में अधीनस्थ सुपर कॉप प्रधान आरक्षक माहिर है, लेकिन हर बार यह तरीका काम कर जाए,ऐसा भी नहीं होता।
(अगले अंक में)ः सट्टा कार्रवाई या अधूरी जांच? अब उठेंगे असली सवाल-
मनेंद्रगढ़ में जुए और सट्टे के खिलाफ हालिया कार्रवाई ने जितनी सुर्खियां बटोरी हैं, उससे कहीं ज्यादा सवाल अपने पीछे छोड़ दिए हैं, अब तक जो सामने आया, वह केवल ‘कार्रवाई’ का एक हिस्सा था—लेकिन असली कहानी उस कार्रवाई की परतों में छुपी है, जिसे अभी खोलना बाकी है, अगले अंक में दैनिक घटती घटना इन परतों को विस्तार से खोलेगा और यह बताएगा कि आखिर इस कार्रवाई में ऐसी कौन-कौन सी कमियां थीं, जो एक गंभीर जांच को सिर्फ औपचारिकता बनाकर छोड़ देती हैं।
(अगले अंक में)ः सट्टा कार्रवाई या अधूरी जांच?अब उठेंगे असली सवाल
मनेंद्रगढ़ में जुए और सट्टे के खिलाफ हालिया कार्रवाई ने जितनी सुर्खियां बटोरी हैं, उससे कहीं ज्यादा सवाल अपने पीछे छोड़ दिए हैं, अब तक जो सामने आया, वह केवल ‘कार्रवाई’ का एक हिस्सा था—लेकिन असली कहानी उस कार्रवाई की परतों में छुपी है, जिसे अभी खोलना बाकी है, अगले अंक में दैनिक घटती घटना इन परतों को विस्तार से खोलेगा और यह बताएगा कि आखिर इस कार्रवाई में ऐसी कौन-कौन सी कमियां थीं, जो एक गंभीर जांच को सिर्फ औपचारिकता बनाकर छोड़ देती हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur