फायर ब्रिगेड की टी बुझाने में जुटी, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
रायपुर,30 अप्रैल 2026। रायपुर में गुरुवार सुबह विधानसभा थाना क्षेत्र के आमासिवनी स्थित कंवल प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह फैक्ट्री महालेखाकार कार्यालय के पीछे स्थित है। सुबह करीब 11 बजे धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
फायर ब्रिगेड की पांच गाडि़यां पहुंचीं
फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाडि़यां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। फैक्ट्री में प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देता रहा। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग को धीरे-धीरे नियंत्रण में लाया गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में रखे सामान और मशीनों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है और पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा। वहीं, प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। आग लगने का प्रारंभिक कारण पुलिस की ओर से शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
डीएसपी ने की घटना की पुष्टि
विधानसभा डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने आग लगने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौके पर पुलिस टीम जुटी हुई है। फायर ब्रिगेड टीम की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। सावधानी की दृष्टि से स्थानीय लोगों को मौके से हटाया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur