Breaking News

अम्बिकापुर,@बस स्टैंड की दुकान में 2 लाख से ज्यादा की एक्सपायरी सामग्री मिली…खाद्य विभाग की रेड,लाइसेंस निरस्त,25 हजार जुर्माना

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र स्थित शिवम डेली नीड्स पर खाद्य एवं औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 लाख रुपए से अधिक की एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की है। जांच टीम ने दुकान में रखे कई ऐसे उत्पाद बरामद किए, जिनकी वैधता अवधि समाप्त हो चुकी थी, फिर भी उन्हें बिक्री के लिए रखा गया था। जानकारी के मुताबिक विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि दुकान में पुराने और एक्सपायरी सामान बेचे जा रहे हैं। शिकायतों के आधार पर टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी पैकेज्ड फूड आइटम, स्नैक्स, पेय पदार्थ और अन्य उपभोक्ता सामग्री पाई गई।
मौके पर जब्त किया गया सामान : निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समाप्त अवधि वाले सभी उत्पादों को जब्त कर लिया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऐसे उत्पाद लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए से अधिक बताई गई है।
लाइसेंस निरस्त,25 हजार का जुर्माना : गंभीर अनियमितता पाए जाने पर विभाग ने संबंधित दुकान का व्यापार लाइसेंस निरस्त कर दिया है। साथ ही संचालक पर 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेशभर में चल रहा विशेष अभियान : अधिकारियों के अनुसार 27 अप्रैल से 11 मई तक प्रदेशभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों, होटल-रेस्टोरेंट और खाद्य सामग्री बेचने वाले केंद्रों की जांच की जा रही है। एक्सपायरी डेट, स्वच्छता, पैकिंग और गुणवत्ता पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
आम लोगों से अपील : विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी मैन्युफैक्चरिंग डेट,एक्सपायरी डेट और पैकिंग जरूर जांचें। यदि कहीं एक्सपायरी सामान बिकता मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई : खाद्य एवं औषधि विभाग ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Share

Check Also

कोरिया/सूरजपुर@ सुप्रीम कोर्ट में ‘केविएट’ दायर करेगा छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन

Share शिक्षकों से नहीं लिया जाएगा कोई आर्थिक सहयोगशिक्षकों के हित में बड़ा निर्णय,सुप्रीम कोर्ट …

Leave a Reply