Breaking News

सूरजपुर@ सूरजपुर जिले का छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित

Share

  • 12वीं में 86.46 प्रतिशत व 10वीं में 82.75 प्रतिशत विद्यार्थी हुए उत्तीर्ण
  • बेटियों ने एक बार फिर मारी बाजी,बालकों से आगे रहीं बालिकाएं
  • पिछले वर्ष की तुलना में 12वीं के परिणाम में 14 प्रतिशत व 10वीं में 11 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि


सूरजपुर,30 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 के परिणामों में सूरजपुर जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है, जिले का 12वीं का कुल परीक्षाफल 86.46 प्रतिशत तथा 10वीं का परीक्षाफल 82.75 प्रतिशत रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में 12वीं के परिणाम में लगभग 14 प्रतिशत एवं 10वीं के परिणाम में लगभग 11 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो जिले की शैक्षणिक प्रगति का प्रमाण है।
12वीं के परीक्षा परिणाम का विवरण- हायर सेकेण्डरी परीक्षा 2026 में सूरजपुर जिले से कुल 8158 विद्यार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें 3491 बालक एवं 4667 बालिकाएं शामिल थीं। परीक्षा में 8081 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए तथा 8067 का परिणाम घोषित किया गया, इनमें से कुल 6975 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 2863 बालक एवं 4112 बालिकाएं हैं। प्रथम श्रेणी में 4147, द्वितीय श्रेणी में 2724 तथा तृतीय श्रेणी में 103 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 83.22 तथा बालिकाओं का प्रतिशत 88.86 रहा, जो दर्शाता है कि बेटियों ने इस वर्ष भी बालकों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।
संकायवार प्रदर्शन में विज्ञान संकाय अव्वल-संकायवार परिणामों पर दृष्टि डालें तो विज्ञान संकाय में सर्वाधिक 91.63 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जिसमें बालिकाओं का प्रतिशत 94.24 रहा। इसके पश्चात वाणिज्य संकाय में 89.57 प्रतिशत,गृह विज्ञान में 86.66 प्रतिशत, कला संकाय में 81.61 प्रतिशत तथा कृषि संकाय में 73.91 प्रतिशत परिणाम रहा। ललित कला संकाय में पंजीकृत विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
10वीं के परीक्षा परिणाम का विवरण-हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 में सूरजपुर जिले से कुल 10170 विद्यार्थी पंजीकृत हुए,जिनमें 4547 बालक एवं 5623 बालिकाएं थीं,परीक्षा में 10002 विद्यार्थी सम्मिलित हुए तथा 9938 का परिणाम घोषित हुआ। कुल 8224 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 3478 बालक एवं 4746 बालिकाएं शामिल हैं, प्रथम श्रेणी में 4466, द्वितीय श्रेणी में 3560 तथा तृतीय श्रेणी में 198 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं,बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 79.22 एवं बालिकाओं का प्रतिशत 85.54 रहा है। यहां भी बालिकाओं ने बालकों से बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।
बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान…
दोनों ही परीक्षाओं में बालिकाओं ने बालकों की तुलना में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है,12वीं में जहां बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत बालकों से लगभग साढ़े पांच प्रतिशत अधिक रहा,वहीं 10वीं में यह अंतर लगभग सवा छह प्रतिशत का है, यह आंकड़े जिले में बेटियों की शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और उनकी मेहनत का जीवंत प्रमाण हैं।
जिला प्रशासन ने दी बधाई…
जिला प्रशासन सूरजपुर ने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है,साथ ही उन विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया है जो अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं कर सके,प्रशासन ने ऐसे विद्यार्थियों से निराश न होकर पुनः मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ प्रधान पाठक सोनसाय हुए सेवानिवृत्त

Share ,दवनकरा स्कूल में भव्य सम्मान के साथ दी गई भावभीनी विदाईसूरजपुर,30 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply