Breaking News

जबलपुर@ मध्यप्रदेश के जबलपुर में क्रूज़ डूबा,6 शव मिले

Share


15 से ज्यादा लापता,18 को बचाया,तूफान के चलते नर्मदा के बरगी डैम में हादसा
जबलपुर ,30 अप्रैल 2026।
मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम पर्यटकों से भरा क्रूज़ डूब गया। पुलिस के मुताबिक, 6 शव बरामद किए गए हैं। 18 को सुरक्षित बचा लिया गया।
15 से ज्यादा अब भी लापता हैं। बरगी सिटी एसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि मध्यप्रदेश टूरिज्म के क्रूज़ में 40 से 45 लोग सवार थे। अचानक आई आंधी के कारण ये हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंची। अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। हालांकि बड़ी टॉर्च का इस्तेमाल करके लोगों की तलाश की जा रही है।
पायलट का दावा : लाइफ जैकेट पहनने का मौका नहीं मिला
कू्रज पायलट महेश ने बताया कि वह पिछले 10 साल से क्रूज़ चला रहा है और पूरी तरह प्रशिक्षित व लाइसेंसधारी है। उनके मुताबिक क्रूज़ में सभी सुरक्षा इंतजाम और पर्याप्त लाइफ जैकेट मौजूद थे, लेकिन तूफान इतनी तेजी से आया कि यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने का मौका नहीं मिल सका।
सुनामी जैसी हवा चली’, 20 साल में पहली बार ऐसा हादसा : एडवाइजर
मध्य प्रदेश पर्यटन निगम के वाटर टूरिज्म एंड एक्टिविटी एडवाइजर राजेंद्र निगम ने बताया कि बरगी का क्रूज़ भोपाल की ‘लेक प्रिंसेस’ की तर्ज पर संचालित होता है और पिछले 20 से अधिक वर्षों से सुरक्षित चल रहा था। उन्होंने कहा, ‘अचानक सुनामी जैसी तेज हवा चली, जिसका कोई अंदेशा नहीं था। संचालन से पहले वेदर फोरकास्ट लिया गया था, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।
जैसे ही जानकारी मिली कि कू्रज हवा में फंस गया है, तुरंत रेस्क्यू टीम रवाना कर दी गई। ‘
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री राकेश सिंह बोलेः रेस्क्यू प्राथमिकता, जांच के निर्देश
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने हादसे को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता लापता लोगों को खोजना और सुरक्षित बचाना है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन,SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर तैनात हैं और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही कहा कि अंधेरा होने के कारण अभी हताहतों की संख्या पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी, रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पूर्व सीएम दिग्विजय ने की मजिस्ट्रेट जांच की मांग
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कू्रज हादसे पर दुख जताते हुए प्रशासन से मजिस्ट्रेट जांच की मांग की। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘’जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज़ डूबने की घटना बेहद पीड़ादायक है। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें।’’
सीएम ने कहा- सरकार हर प्रभावित परिवारों के साथ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण हुए बरगी डैम क्रूज़ हादसे के बाद प्रशासन और रेस्क्यू टीम लगातार अभियान चला रही है। 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है।
सीएम ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी समेत वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जा रही है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@ देश में एलपीजी की सौ फीसदी आपूर्ति की गई सुनिश्चित,स्टॉक की कमी नहीं : केंद्र

Share नई दिल्ली ,30 अप्रैल 2026। पश्चिम एशिया में बदलती परिस्थितियों और मौजूदा संकट के …

Leave a Reply