101 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त,आरोपी जेल भेजा गया
अंबिकापुर/लुंड्रा,30 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ साइबर सेल अंबिकापुर और लुंड्रा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश से अंग्रेजी शराब लाकर इलाके में सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 101.46 लीटर अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त डस्टर वाहन जब्त किया है। जब्त माल की कुल कीमत 5 लाख 9 हजार 260 रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक 29 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बहेराडीह निवासी दया साहू बड़ी मात्रा में शराब लाकर अपने पुराने खंडहरनुमा घर में छिपाकर रखा है और कार से आसपास के क्षेत्रों में बिक्री कर रहा है। सूचना के बाद साइबर सेल और थाना लुंड्रा की टीम ने संयुक्त दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी अपनी Renault Duster कार से निकलता मिला। पुलिस ने वाहन रोककर तलाशी ली तो डिक्की से अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें आफ्टर डार्क व्हिस्की की 750 एमएल की 6 बोतलें और गोवा ब्रांड लिखी 180 एमएल की 300 शीशियां मिलीं। कुल शराब की मात्रा 101.46 लीटर निकली।
दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पूछताछ के दौरान आरोपी शराब परिवहन या बिक्री से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद थाना लुंड्रा में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शराब सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।
टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा, शिवचरण साहू, महेश कुमार, जयदीप सिंह, विकास सिन्हा, भोजराज पासवान सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur