3 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार,लघुशंका के बहाने टीम को दिया चकमा
अम्बिकापुर,30 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम ने नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल 396 नग नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। एक आरोपी कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 29 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर गांधीनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई में कर्रा (थाना राजपुर, जिला बलरामपुर) निवासी अक्षय जायसवाल को आसडांढ-घंघरी बाजार के पास पकड़ा गया। उसके पास से 120 नग रेक्सोजेसिक और 120 नग एवील इंजेक्शन जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपए आंकी गई है।
किराए के मकान में दबिश : दूसरी कार्रवाई में सरगवां क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले ओम उर्फ शौर्य पाठक को पकड़ा गया। उसके पास से 38-38 नग रेक्सोजेसिक और एवील इंजेक्शन जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 38 हजार रुपए बताई गई है।
आरोपी ने भागकर दिया चकमा : कार्रवाई के दौरान आरोपी ओम पाठक लघुशंका का बहाना बनाकर टीम को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी तलाश में जुटी टीम ने देर रात पीजी कॉलेज मैदान के पास दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 40-40 नग रेक्सोजेसिक और एवील इंजेक्शन बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 40 हजार रुपए है।
दो और आरोपी गिरफ्तार : मामले में राजपुर (जिला बलरामपुर) निवासी विवेक सोनी और प्रिंस एक्का को गिरफ्तार किया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई : आबकारी टीम ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है। फरार आरोपी ओम पाठक की तलाश जारी है।
टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में आबकारी विभाग के मुख्य आरक्षक कुमारू राम, अशोक सोनी, रमेश दुबे, नगर सैनिक गणेश पांडेय, ओम प्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur