पत्नी-बेटी को जिंदा जलाया,खुद को मरा साबित करने मानसिक रोगी का गला घोंटा
दुर्ग-भिलाई,29 अप्रैल 2026 । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में दुर्ग कोर्ट ने 6 साल बाद आरोपी रवि शर्मा को मौत की सजा सुनाई है। यह मामला 2020 का है,जिसमें आरोपी ने अपनी पत्नी और डेढ़ साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी थी। उस पर किसी को शक न हो इसके लिए उसने एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति को भी मार दिया,ताकि वो खुद को मरा हुआ साबित कर सके। जांच में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी और बच्चे राउरकेला में रहते हैं। भिलाई में उसने मंजू से दूसरी शादी कर ली थी। मंजू ने डेढ़ महीने पहले बच्ची को जन्म दिया था,लेकिन रवि इस बच्चे को नहीं चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। आखिरकार तंग आकर उसने मंजू को मारने की योजना बना ली। पुलिस ने सीसीटीवी और अन्य सबूतों के आधार पर पता लगा लिया था कि तीनों मर्डर के पीछे रवि शर्मा का ही हाथ था। जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल्स, इस्तेमाल किए गए सामान और दवाइयों की जांच, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान जैसे अहम सबूत सामने आए। इन सभी सबूतों के आधार पर दुर्ग कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश यशवंत कुमार सारथी ने आरोपी को हत्याकांड के लिए मौत की सजा सुनाई। इस मामले में दुर्ग न्यायालय में शासकीय वकील भावेश कटरे ने पैरवी की। भिलाई नगर थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश कुमार ध्रुव ने जांच पूरी कर आरोपी के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र पेश किया था। घटना 21 जनवरी 2020 की सुबह की है। भिलाई के तालपुरी स्थित पारिजात कॉलोनी में रहने वाली मंजू शर्मा के मोबाइल से सुबह करीब 5ः35 बजे उसकी मां कला सूर्यवंशी को फोन आया। फोन पर किसी ने कहा कि तुम्हारी बेटी और दामाद घर में जल रहे हैं, बचा सको तो बचा लो। इसके बाद फोन कट गया। परिवार के लोग जब मौके पर पहुंचे तो घर बाहर से बंद था,लेकिन अंदर से धुआं निकल रहा था। दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो नजारा देखकर सब दंग रह गए। कमरे में मंजू शर्मा की अधजली लाश बिस्तर पर पड़ी थी। उसके हाथ-पैर और मुंह टेप से बंधे हुए थे। पास में डेढ़ माह की बच्ची भी मृत अवस्था में मिली। वहीं बिस्तर के नीचे एक और युवक का शव पड़ा था, जिसका चेहरा भी टेप से ढंका हुआ था और शरीर का हिस्सा जला हुआ था। पहले ऐसा लगा कि तीसरा शव रवि शर्मा का है, लेकिन जांच में पता चला कि वह कोई अज्ञात व्यक्ति है। यहीं से पुलिस को शक हुआ कि मामला कुछ और है।
जांच में सामने आई साजिश : घटनास्थल पर बेडरूम के दरवाजे पर चाक से लिखा मिला कि मंजू बेवफा थी, इसलिए मजबूरी में उसे, उसके पति और बच्चे को मारना पड़ा। नीचे संजय देवांगन आर्मी लिखा था। यह लिखावट भी पुलिस को भटकाने के लिए थी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि घटना से एक दिन पहले रवि एक अज्ञात युवक को स्कूटी से अपने घर लेकर आया था।
वहीं घटना के बाद तड़के वह अकेले स्कूटी से निकलते दिखा। इससे साफ हो गया कि आरोपी रवि ही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur