Breaking News

हरदोई@प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया…

Share


बंगाल जैसी बंपर वोटिंग दशकों में नहीं देखी : पीएम मोदी

हरदोई,29 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यूपी के हरदोई में प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने ऐलान किया कि एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार से भी जोड़ा जाएगा। पीएम ने सपा और कांग्रेस पर कहा…सपा विकास और नारी विरोधी है। बीते दिनों एक बार फिर देश ने इनका नारी विरोधी चेहरा देखा है। इन लोगों ने नारी शक्ति वंदन संशोधन के खिलाफ वोट किया। पीएम ने पश्चिम बंगाल में चल रही दूसरे चरण की वोटिंग का जिक्र किया। कहा…जो खबरें आ रही हैं, उनसे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। ऐसी वोटिंग दशकों में नहीं देखी। इससे पहले पीएम ने एक्सप्रेस-वे के किनारे पेड़ लगाया। सीएम योगी के साथ एक्सप्रेस-वे पर पैदल भी चले। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। इससे मेरठ से प्रयागराज की दूरी सिर्फ 6 घंटे में पूरी होगी। अब तक 11-12 घंटे लगते थे। एक्सप्रेस-वे करीब 37,350 करोड़ रुपए की लागत से 5 साल में बनकर तैयार हुआ है। इस हिसाब से 1 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे की औसत लागत करीब 62 करोड़ 87 लाख रुपए है। मोदी ने ही 18 दिसंबर, 2021 को शाहजहांपुर में एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था। इससे पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे था, जिसकी लंबाई 340 किमी है।
मोदी बोले- यह सिर्फ हाई-स्पीड सड़क नहीं है, बल्कि नए सपनों का गेटवे
पीएम ने कहा- कुछ ही दिन पहले मुझे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने का अवसर मिला था। यह विकसित भारत की हस्तरेखाएं हैं। ये आधुनिक हस्तरेखाएं हैं। वह दौर चला गया, जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था। एक बार घोषणा हो जाने के बाद सालों तक फाइलें चलती थीं। चुनाव के लिए पत्थर लगा दिया जाता था, लेकिन काम का कोई पता नहीं चलता था। फाइलें ढूंढने में अफसरों को दो-दो साल तक का समय लग जाता था। उन्होंने कहा- डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और उद्घाटन भी होता है। यह सिर्फ हाई-स्पीड सड़क नहीं है, बल्कि नए सपनों का गेटवे है। पश्चिमी यूपी में हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, अमरोहा, बदायूं और मध्य यूपी में शाहजहांपुर, रायबरेली से होकर यह एक्सप्रेस-वे गुजरेगा। इसके आसपास के दूसरे जिलों के करोड़ों लोगों का जीवन बदलेगा। पीएम ने कहा- इन क्षेत्रों को गंगा जी की उपजाऊ मिट्टी का वरदान मिला है। पिछली सरकारों ने किसानों की उपेक्षा की। यहां के किसानों की सड़कें बड़े बाजारों तक नहीं पहुंच पाती थीं। कोल्ड स्टोरेज की कमी थी, लॉजिस्टिक्स का अभाव था। किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिलता था।
मोदी बोले- सत्ता की भूख में भारत को नीचा दिखाने की कोशिश में लगे
मोदी ने कहा- आप लोग देख रहे हैं कि आज पूरी दुनिया कैसे युद्ध, अशांति और अस्थिरता में फंसी हुई है। दुनिया के बड़े-बड़े देशों की हालत खराब है। लेकिन भारत विकास के रास्ते पर उसी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। भारत के दुश्मनों को यह पसंद नहीं आ रहा है। भीतर बैठे कुछ लोग सत्ता की भूख में भारत को नीचा दिखाने की कोशिश में लगे हुए हैं। फिर भी हम न केवल सुरक्षित हैं, बल्कि विकास के नए-नए कीर्तिमान भी गढ़ रहे हैं। हम आत्मनिर्भर भारत के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। हम आधुनिक से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रहे हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
मोदी बोले- सपा विकास और नारी विरोधी, कभी सुधर नहीं सकती
पीएम ने कहा- यूपी भगवान राम और कृष्ण की धरती है। लेकिन पिछली सरकारों ने अपनी करतूतों के कारण अपराध और जंगलराज को यूपी की पहचान बना दिया। यूपी के माफियाओं पर फिल्में बनती थीं। आज यूपी की कानून व्यवस्था का देशभर में उदाहरण दिया जाता है। संसाधनों का बंदरबांट करने वाले जिन सपाइयों के हाथ से सत्ता गई है, उन्हें यूपी की यह प्रगति पसंद नहीं आ रही है। वे यूपी को पुराने दौर में धकेलना चाहते हैं। वे समाज को बांटना और तोड़ना चाहते हैं। सपा विकास और नारी विरोधी है। एक बार फिर सपा और कांग्रेस का असली चेहरा देश ने देखा है। केंद्र सरकार नारी वंदन विधेयक लेकर आई। अगर यह पास हो जाता, तो लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण मिलता, लेकिन सपा ने संशोधन विधेयक के खिलाफ वोट किया। इस विधेयक से सभी राज्यों की सीटें भी बढ़तीं। यूपी को गाली देकर राजनीति करने वाली डीएमके जैसी पार्टियों को इस बात पर आपत्ति थी कि यूपी की सीटें क्यों बढ़ें। सपा संसद में उन्हीं के सुर में सुर मिला रही थी। ये सपा वाले आपके वोट लेकर संसद जाते हैं और संसद में यूपी के लोगों को गाली देने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं। ये कभी सुधर नहीं सकते।
मोदी बोले- गंगा एक्सप्रेस-वे का विस्तार करेंगे, हरिद्वार से जोड़ेंगे
मोदी ने कहा- मुझे विश्वास है कि इन 5 राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। 4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे। देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे। देश के तेज विकास के लिए तेजी से आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का भी निर्माण करना है। दिसंबर, 2021 में गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करने मैं शाहजहांपुर आया था। 5 साल से भी कम समय हुआ है। देश के सबसे बड़े एक्सप्रेस-वे में शुमार, यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे 5 साल के भीतर बनकर तैयार हो गया है। आज हरदोई से इसका लोकार्पण भी हो रहा है। यही नहीं, एक ओर गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण पूरा हुआ है, तो इसके विस्तार पर भी काम चल रहा है। यह मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा। इसके और बेहतर उपयोग के लिए फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण करके इसे अन्य एक्सप्रेस-वे से भी जोड़ा जाएगा। यह है डबल इंजन सरकार का विजन। यह भाजपा के काम करने की स्पीड है। यह है भाजपा के काम करने का तरीका।
मोदी बोले- आज बंगाल में लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे
पीएम मोदी ने कहा- आज लोकतंत्र के उत्सव का भी अहम दिन है। बंगाल में इस समय वोटिंग हो रही है। खबरें आ रही हैं, जिनसे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए निकल रही है। लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें आ रही हैं। पिछले 6-7 दशकों में ऐसा नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी। इस बार बंगाल में निर्भीक वातावरण में वोटिंग हो रही है। बंगाल में लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की महान जनता का आभार जताता हूं। वोटिंग खत्म होने में अभी कई घंटे बाकी हैं। लोकतंत्र के इस पर्व में इसी उत्साह से भाग लें। कुछ समय पहले बिहार में चुनाव हुए थे, तो भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत हासिल की थी और इतिहास रच दिया था। कल ही गुजरात में महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायत, नगर पंचायत और तहसील पंचायतों के नतीजे आए हैं।
यूपी का विकास भारत की सामरिक ताकत बन रहा
पीएम मोदी ने कहा…अब उन कठिनाइयों का समाधान होगा। बड़े बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित होगी। जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा। यह एनसीआर की असीम संभावनाओं को भी करीब लाएगा। इसके किनारे औद्योगिक अवसर मिलेंगे। सभी 12 जिलों में नए उद्योग आएंगे और फार्मा के क्लस्टर विकसित होंगे। युवा नए कीर्तिमान गढ़ रहे हैं। छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है। पुरानी सरकारों में क्या हरदोई-उन्नाव जिलों में इंडस्टि्रयल कॉरिडोर बनाने की कल्पना हो सकती थी? क्या कोई सोच सकता था कि हरदोई से भी एक्सप्रेस-वे गुजरेगा? यह सब भाजपा सरकार में ही संभव हुआ है। यूपी को पहले पिछड़ा और बीमारू कहा जाता था, वही यूपी आज एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की ओर बढ़ रहा है।
यह सिर्फ हाई-स्पीड सड़क नहीं है,बल्कि नए सपनों का गेटवे
पीएम ने कहा- कुछ ही दिन पहले मुझे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने का अवसर मिला था। यह विकसित भारत की हस्तरेखाएं हैं। ये आधुनिक हस्तरेखाएं हैं। वह दौर चला गया, जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था। एक बार घोषणा हो जाने के बाद सालों तक फाइलें चलती थीं। चुनाव के लिए पत्थर लगा दिया जाता था, लेकिन काम का कोई पता नहीं चलता था। फाइलें ढूंढने में अफसरों को दो-दो साल तक का समय लग जाता था।

मोदी ने काशी विश्वनाथ में पूजा की,त्रिशूल लहराया

काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। उन्होंने गर्भगृह में 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। पांच पंडितों ने उन्हें पूजा कराई, माला पहनाई और त्रिपुंड लगाया। पीएम मंदिर से बाहर निकले तो भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल और डमरू भेंट किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने त्रिशूल उठाकर लहराया। पीएम 14 किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए विश्वनाथ मंदिर पहुंचे थे। गेट पर 108 बटुकों ने शंखनाद के साथ उनका स्वागत किया। मंदिर में पीएम बच्चों से भी मिले और उनसे बातचीत की। इससे पहले, पीएम के रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर डांस करते नजर आए। प्रधानमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया गया। काफिले पर फूल बरसाए गए। पीएम ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया। हालांकि, वह कहीं रुके नहीं। काशी से पीएम हरदोई के लिए रवाना हो गए हैं। वहां गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। प्रधानमंत्री का 11 साल में यह 54वां काशी दौरा है। हालांकि, यह 2026 का पहला दौरा है। इससे पहले, पीएम नवंबर 2025 में काशी आए थे।


Share

Check Also

चंडीगढ़@मानसा कोर्ट का आदेश…खुद पेश हों मुख्यमंत्री भगवंत मान, नहीं तो ‘जमानत होगी रद्द

Share चंडीगढ़,29 अप्रैल 2026। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से जुड़ी एक बड़ी खबर …

Leave a Reply