Breaking News

एमसीबी@ कोयला माफिया पर प्रशासन का शिकंजा…

Share


रेत की आड़ में कोयले की तस्करी हुई नाकाम,एमसीबी में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त
एमसीबी,29 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
जिले में अवैध कोयला उत्खनन और तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है, लगातार मिल रही शिकायतों और मीडिया में सामने आई खबरों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और खनिज संपदा की अवैध लूट पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया,18 अप्रैल 2026 को प्रकाशित एक खबर में यह खुलासा हुआ था कि मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र से रात के अंधेरे में अवैध कोयला उत्खनन कर उसे पड़ोसी राज्यों में खपाया जा रहा है, इस गंभीर सूचना को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर के निर्देशन में खनिज विभाग और पुलिस विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की रणनीति बनाई। एमसीबी में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि यदि प्रशासन सतर्क और सक्रिय रहे, तो अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है, रेत की आड़ में कोयला तस्करी का यह मामला भले ही छोटा प्रतीत हो, लेकिन यह एक बड़े नेटवर्क की ओर संकेत करता है, अब देखना होगा कि प्रशासन इस कार्रवाई को आगे कैसे बढ़ाता है और क्या आने वाले दिनों में इस पूरे तंत्र पर पूरी तरह से शिकंजा कस पाता है।
रात में चला विशेष अभियान, पोड़ी थाना क्षेत्र में कार्रवाई…
22 अप्रैल 2026 की रात लगभग 8 बजे चिरमिरी के पोड़ी थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा विशेष छापामार अभियान चलाया गया, इस दौरान एक संदिग्ध ट्रैक्टर (सीजे16 सीआर 0241) को रोककर जांच की गई, जिसमें ट्रॉली में ऊपर से रेत डालकर कोयले को छिपाया गया था। पहली नजर में यह सामान्य रेत परिवहन जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब टीम ने बारीकी से जांच की तो रेत की परत के नीचे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा कोयला बरामद हुआ।
रेत की परत में छिपा था कोयला, तस्करों की चाल नाकाम
तस्करों ने जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए कोयले को रेत से ढंकने का तरीका अपनाया था, ताकि सतही जांच में यह सामान्य रेत परिवहन लगे, लेकिन संयुक्त टीम की सतर्कता और सूझबूझ के चलते यह चाल सफल नहीं हो सकी, जांच के दौरान पूरा मामला उजागर हो गया और मौके पर ही ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया।
जब्त ट्रैक्टर थाना परिसर में,आगे की कार्रवाई जारी-कार्रवाई के बाद जब्त किए गए ट्रैक्टर को सुरक्षा की दृष्टि से पोड़ी थाना परिसर में खड़ा कराया गया है,प्रकरण में संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है,खनिज विभाग और पुलिस विभाग मिलकर मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं,ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।
प्रशासन का सख्त संदेश : अवैध खनन बर्दाश्त नहीं- जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध खनन,परिवहन और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, अधिकारियों का कहना है कि जिले की खनिज संपदा की सुरक्षा प्राथमिकता है और इसके दुरुपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी,इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय कोयला माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
रात्रिकालीन निगरानी और तेज होगी- प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में रात के समय विशेष निगरानी बढ़ाई जाएगी,संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाएगी, छापामार कार्रवाई को और तेज किया जाएगा,ताकि अवैध खनन और तस्करी की गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
खनिज संपदा की लूट पर रोक की दिशा में कदम- एमसीबी जिला खनिज संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है, और यहां अवैध खनन लंबे समय से चिंता का विषय रहा है,प्रशासन की यह कार्रवाई इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे न केवल तस्करी पर रोक लगेगी,बल्कि शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को भी कम किया जा सकेगा।
फोटो 10


Share

Check Also

दुर्ग-भिलाई@ दुर्ग ट्रिपल मर्डर केस में आरोपी को मौत की सजा

Share पत्नी-बेटी को जिंदा जलाया,खुद को मरा साबित करने मानसिक रोगी का गला घोंटादुर्ग-भिलाई,29 अप्रैल …

Leave a Reply