60 से 70 डिसमिल जमीन पर कब्जा,बाउंड्रीवाल और गैरेज निर्माण ध्वस्त
अम्बिकापुर,19 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर के दक्षिणी हिस्से में स्थित भातूपारा तालाब पर प्रशासन ने आज अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। लंबे समय से तालाब की भूमि पर किए गए कब्जे को हटाने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य तोड़ना प्रारंभ किया।
3.67 एकड़ रकबे का है तालाब
जानकारी के अनुसार भातूपारा तालाब का कुल रकबा 3.67 एकड़ है। प्रशासनिक जांच में सामने आया कि तालाब के उत्तरी हिस्से में लगभग 60 से 70 डिसमिल भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से मिट्टी डालकर भराव किया गया था। इसके बाद वहां पक्का बाउंड्रीवाल भी खड़ा कर दिया गया।
कुछ हिस्सों में बनाया गया था गैरेज
जांच में यह भी पाया गया कि कब्जे वाली जमीन के कुछ हिस्सों पर लोगों ने गैरेज का निर्माण भी कर लिया था। इससे तालाब का स्वरूप प्रभावित हो रहा था और जल संरक्षण पर भी असर पड़ रहा था।
मामला सार्वजनिक होने के बाद तेज हुई कार्रवाई
हाल ही में तालाब की भूमि पर दोबारा अवैध कब्जे का प्रयास शुरू होने पर यह मामला सार्वजनिक रूप से सामने आया। नगर निगम में कांग्रेस पार्षद शुभम जायसवाल ने इस मुद्दे को उठाते हुए 11 मार्च को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी।
बाउंड्रीवाल हटाने के बाद मिट्टी भी निकाली जाएगी
प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी। अधिकारियों ने बताया कि अवैध कब्जे के चारों ओर बनाई गई बाउंड्रीवाल हटाने के बाद तालाब में पाटी गई मिट्टी को भी हटाया जाएगा, ताकि तालाब को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया जा सके।
तालाब संरक्षण की दिशा में अहम कदम
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त कराना जरूरी है। इससे जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और शहर की प्राकृतिक धरोहर सुरक्षित रहेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur