मोबाइल लोकेशन से वाहन बरामद,सर्चिंग के बाद आरोपी भी पकड़ाया
अम्बिकापुर,28 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस की बोलेरो वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल लोकेशन की मदद से वाहन बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सत्तीपारा क्षेत्र में गांजा बिक्री की मिली थी सूचना : जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को सत्तीपारा क्षेत्र में गांजा की अवैध बिक्री और तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
लापरवाही का फायदा उठाकर लेकर भागा वाहन : पुलिस टीम जांच के लिए आसपास तलाशी में जुटी थी। इसी दौरान बोलेरो वाहन की चाबी गाड़ी में ही लगी रह गई। मौके का फायदा उठाकर शातिर आरोपी मुकेश नामदेव ने पहले पास के मकान की छत पर चढ़कर स्थिति देखी, फिर नीचे कूदकर सीधे पुलिस बोलेरो में बैठ गया और वाहन लेकर फरार हो गया।
वाहन गायब देख पुलिस रह गई दंग : जब पुलिस टीम वापस वाहन के पास पहुंची तो बोलेरो गायब देखकर सभी हैरान रह गए। कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया गया कि प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल फोन भी वाहन में ही छूट गया था।
मोबाइल लोकेशन से पकड़ा गया आरोपी : इसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन ट्रेस की और तकनीकी सहायता से वाहन का पता लगाया। पीछा करते हुए पुलिस टीम ने राम मंदिर के पास से बोलेरो वाहन सुरक्षित बरामद कर लिया। बाद में सर्चिंग अभियान चलाकर आरोपी मुकेश नामदेव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से वाहन की चाबी भी जब्त की गई है।
बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की जांच
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उसका किसी बड़े गांजा तस्करी गिरोह से संबंध है या नहीं। यह घटना पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई लापरवाही और आरोपी की चालाकी दोनों को उजागर करती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur