स्कूटी सवार की जेब से गिरते देखे थे नोट, बिना देर किए पुलिस को सौंपे रुपए
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जहां एक ओर लोग छोटी-छोटी बातों में भी लालच दिखाने से नहीं चूकते, वहीं कुछ लोग अपनी ईमानदारी से समाज के लिए मिसाल पेश करते हैं। ऐसा ही एक मामला शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक युवक ने सडक पर मिले 13 हजार रुपए पुलिस के हवाले कर दिए। जानकारी के अनुसार, गांधीनगर सब्जी मार्केट के पास एक युवक को सडक पर 500-500 रुपए के नोट पड़े मिले। युवक ने नोट उठाकर गिने तो कुल 13 हजार रुपए निकले। खास बात यह रही कि युवक ने इन रुपयों को अपने पास रखने के बजाय सीधे थाने पहुंचकर जमा कर दिया। युवक ने पुलिस को बताया कि उसने इन रुपयों को एक स्कूटी सवार की जेब से गिरते हुए देखा था। स्कूटी सवार पीले रंग की शर्ट पहने हुए था और गांधीनगर बैरियर की ओर से हनुमान मंदिर की दिशा में जा रहा था। मौके पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, इसलिए युवक ने तुरंत रुपए उठाए और सुरक्षित रखने के लिए थाने पहुंच गया।
किराए के मकान में रहता है युवक
रुपए जमा करने वाले युवक का नाम मनोज कुमार सिंह (22) है। वह सूरजपुर जिले के ओडगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर, कुदरगढ़ का निवासी है। वर्तमान में वह गांधीनगर के मुक्तिपारा में किराए के मकान में रहता है। उसने बताया कि वह दोपहर में बस से उतरकर अपने घर जा रहा था, तभी उसे सडक पर ये रुपए दिखाई दिए।
पुलिस ने की सराहना
युवक की ईमानदारी से प्रभावित होकर गांधीनगर पुलिस ने उसकी सराहना की है। पुलिस ने रुपए अपने पास सुरक्षित रख लिए हैं और असली मालिक की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जिसके भी ये रुपए हैं,वह थाने आकर पहचान के आधार पर उन्हें प्राप्त कर सकता है। इस घटना ने यह साबित कर दिया कि आज भी समाज में ईमानदारी जिंदा है और ऐसे लोग दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur