15 दिन तक चलेगा सघन अभियान,बिना बिल बिक्री पर सख्ती,नमूने जांच के लिए भेजे गए…
अम्बिकापुर,28 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जिले में आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं व खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सही दवा, शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार अभियान की शुरुआत कर दी गई है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा 27 अप्रैल से 11 मई तक 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पहले चरण में शहरी क्षेत्रों में कॉस्मेटिक उत्पादों के थोक विक्रेताओं,होलसेलर्स और मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई जगहों पर कॉस्मेटिक उत्पाद बिना बिल के बेचे जाते पाए गए, जिस पर विभाग ने सख्ती दिखाई है।
बिल और गुणवत्ता की जांच पर जोर : निरीक्षण के दौरान पैक्ड और खुले उत्पादों के बिलों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही हेयर डाई, नेल पॉलिश, क्रीम, लिक्विड, गंधक उत्पाद और मिनरल ऑयल जैसे सामानों की गुणवत्ता भी परखी गई। संदिग्ध पाए गए उत्पादों के नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान दवा दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी, ताकि नकली या घटिया उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur