आरोपी रायपुर से गिरफ्तार
गांधीनगर पुलिस की कार्रवाई; निवेश के नाम पर खाते में रकम डलवाई, मोबाइल और सिम जब्त
अम्बिकापुर,28 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में निवेश पर अतिरिक्त लाभ दिलाने का झांसा देकर 5 लाख 72 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राहकों को धनलक्ष्मी स्कीम में ज्यादा फायदा दिलाने का भरोसा देकर रकम अपने खातों में जमा कराता था। पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी अविनाश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह कल्याण ज्वेलर्स की स्वर्ण योजना से जुड़ा था। इसी दौरान शो-रूम कर्मचारी राजेश कुमार तिवारी और अन्य लोगों ने उसे अतिरिक्त लाभ वाली स्कीम बताई। शुरुआत में 30 हजार रुपए जमा करवाकर 10 दिन बाद 40 हजार रुपए लौटाए गए, जिससे प्रार्थी का भरोसा जीत लिया गया। इसके बाद नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच आरोपी ने अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर निवेश के नाम पर 7 लाख 59 हजार रुपए जमा करवाए। बाद में केवल 1 लाख 87 हजार रुपए लौटाए गए। इस तरह कुल 5 लाख 72 हजार रुपए की ठगी हुई।
व्हाट्सएप चैट और ट्रांजेक्शन डिटेल से खुलासा : मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल और व्हाट्सएप चैटिंग के प्रिंट जब्त किए। जांच में आरोपी राजेश कुमार तिवारी की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस टीम ने उसे रायपुर से पकड़ लिया। आरोपी की पहचान राजेश कुमार तिवारी (28), निवासी तेंदुपारा राधापुर वार्ड-03, प्रतापगढ़, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार किया।
मोबाइल-सिम जब्त,अन्य आरोपी फरार : पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वन प्लस कंपनी का मोबाइल और सिम कार्ड जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई : डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर थाना गांधीनगर पुलिस ने कार्रवाई की। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी सहित पुलिस टीम सक्रिय रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur