जांच में पुलिस का दखल सिर्फ विशेष परिस्थितियों में हो
बैकुंठपुर,28 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिला औषधि विक्रेता संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार,27 अप्रैल को जिला अध्यक्ष शैलेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कलेक्टर कोरिया से मुलाकात की इस दौरान मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया,जिसमें प्रदेश शासन द्वारा गठित ‘संयुक्त जांच दल’ की कार्यप्रणाली को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं।
प्रमुख मांग : भयमुक्त व्यापारिक वातावरण- ज्ञापन के माध्यम से संघ ने निवेदन किया है कि प्रदेश शासन द्वारा गठित जांच दलों में पुलिस बल को केवल शिकायत या अत्यंत संदेह की विशेष परिस्थितियों में ही शामिल किया जाए,संघ का मानना है कि नियमित जांच के दौरान पुलिस की उपस्थिति से व्यापारियों में अनावश्यक भय का माहौल बनता है,जिससे सामान्य व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
कलेक्टर महोदया का आश्वासन- प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई चर्चा अत्यंत सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण रही। माननीय कलेक्टर महोदया ने औषधि विक्रेताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि आम केमिस्टों को भयभीत होने की कतई आवश्यकता नहीं है, प्रशासन का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, किसी को परेशान करना नहीं।
संघ का पक्ष : अवैध व्यापार पर ‘जीरो टॉलरेंस’-चर्चा के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समय-समय पर सक्षम अधिकारियों द्वारा होने वाली नियमित जांच में संघ हमेशा पूर्ण सहयोग करता है,औषधि विक्रेता संघ किसी भी प्रकार के अवैध व्यापार को संरक्षण प्रदान नहीं करता है,संघ प्रशासन के साथ मिलकर रचनात्मक कार्यों में सहयोग के लिए हमेशा कृतसंकल्पित है।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद– इस अवसर पर सचिव नंदकिशोर रजवाड़े, शशांक जिज्ञासी,ज्ञान प्रकाश गुप्ता, रणविजय गुप्ता,धीरज मिश्रा,दिनेश सिंह,जितेंद्र सिंह, राकेश गुप्ता,शैलेन्द्र गुप्ता,चिराग,अनुपम गुप्ता, राकेश तिवारी,सौरभ गुप्ता और अशोक बंजारे सहित संघ के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur