Breaking News

सूरजपुर/मनेंद्रगढ़/एमसीबी@ सूरजपुर में शिकंजा,एमसीबी में फैलता जुए का जाल…मनेंद्रगढ़ बना नया ‘हब’?

Share

  • दोहरी रणनीति,बदलते ठिकाने और संदिग्ध संरक्षण-संगठित जुआ नेटवर्क पर गंभीर सवाल,आईजी सरगुजा के लिए बढ़ी चुनौती
  • छोटा फड़ दिखावा,बड़ा खेल जारी—मनेंद्रगढ़ में संगठित जुए का खुलासा
  • सूरजपुर के बाद अब एमसीबी निशाने पर…मनेंद्रगढ़ बना जुए का हब
  • लोकेशन बदल-बदल कर चल रहा जुआ,पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
  • जुए का ‘डबल गेम’ः कार्रवाई कहीं,असली फड़ कहीं और…
  • सूरजपुर से खदेड़ा तो मनेंद्रगढ़ में जमाया डेरा—जुआ नेटवर्क सक्रिय
  • जुए का हाईटेक खेल : नो मोबाइल,बदलते ठिकाने और संगठित नेटवर्क
  • मनेंद्रगढ़ में जुए का बड़ा जाल? छोटे फड़ की आड़ में बड़ा कारोबार
  • कार्रवाई के बाद भी नहीं थमा जुआ,एमसीबी में फिर सक्रिय हुआ नेटवर्क


सूरजपुर/मनेंद्रगढ़/एमसीबी,26 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा संभाग में अवैध जुआ कारोबार एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है,सूरजपुर जिले में पुलिस की हालिया सख्ती के बाद भले ही जुए के फड़ों पर अस्थायी विराम लगा हो, लेकिन यह अवैध कारोबार पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ,बल्कि,अब यह अपना ठिकाना बदलकर नए इलाके में पैर पसारता दिखाई दे रहा है, ताजा जानकारी के मुताबिक,जुए के शौकीनों और इस धंधे से जुड़े संचालकों ने अब एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले के मनेंद्रगढ़ शहर का रुख कर लिया है, जहां यह खेल अधिक संगठित और रणनीतिक तरीके से संचालित हो रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मनेंद्रगढ़ में जुए का संचालन अब पारंपरिक तरीके से नहीं, बल्कि एक सुनियोजित नेटवर्क के तहत किया जा रहा है, इस नेटवर्क की खासियत है इसकी दोहरी संरचना—एक छोटा जुआ फड़ और दूसरा बड़ा जुआ फड़। यह दोहरी व्यवस्था न केवल पुलिस की नजरों को भ्रमित करने के लिए बनाई गई है, बल्कि कार्रवाई से बचने की एक सोची-समझी रणनीति भी मानी जा रही है, सूरजपुर में पुलिस की सख्ती के बाद जुए का एमसीबी जिले की ओर शिफ्ट होना यह दर्शाता है कि अवैध कारोबारियों के लिए जगह बदलना आसान है, लेकिन उन्हें रोकने के लिए सिस्टम को और मजबूत बनाने की जरूरत है, यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो मनेंद्रगढ़ न केवल एमसीबी, बल्कि पूरे सरगुजा संभाग में जुए का एक बड़ा केंद्र बन सकता है, अब नजरें प्रशासन और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं क्या वे इस चुनौती का सामना कर पाएंगे, या फिर यह अवैध खेल यूं ही अपने ठिकाने बदलकर चलता रहेगा।
छोटा और बड़ा फड़ः ‘डिकॉय’ बनाम ‘रियल ऑपरेशन’
बताया जा रहा है कि छोटे जुआ फड़ को ऐसे स्थानों पर संचालित किया जाता है, जहां पुलिस की पहुंच अपेक्षाकृत आसान हो, इन फड़ों पर सीमित दांव लगते हैं और यहां की गतिविधियां इस तरह से रखी जाती हैं कि कभी भी सूचना लीक हो जाए तो पुलिस कार्रवाई कर सके, इससे पुलिस अपनी सक्रियता दिखा सकती है और यह संदेश जाता है कि जुए के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है, इसके विपरीत, बड़े जुआ फड़ को शहर के अंदर सुरक्षित स्थानों पर संचालित किया जाता है, यहां बड़े पैमाने पर लेन-देन होता है, और इसमें शामिल लोग आर्थिक रूप से मजबूत बताए जाते हैं, इस फड़ तक पहुंचना आसान नहीं होता, और इसकी जानकारी सीमित लोगों तक ही रखी जाती है।
हर 2-3 दिन में बदलते ठिकाने
इस पूरे नेटवर्क की सबसे अहम कड़ी है लोकेशन बदलने की रणनीति, सूत्रों के अनुसार, जुआ फड़ का स्थान हर 2 से 3 दिन में बदल दिया जाता है, ताकि पुलिस या किसी अन्य एजेंसी को स्थायी जानकारी न मिल सके, शहर के भीतर जिन स्थानों का नाम सामने आया है, उनमें बिजली कार्यालय के आसपास का क्षेत्र, मोबाइल टावर के पास, अहमद कॉलोनी, आमखेरवा बड़ा और चोकड़ा गांव शामिल हैं, वहीं, शहर के बाहरी इलाकों—खासतौर पर घुटराटोला जंगल के आसपास—छोटे जुआ फड़ संचालित होने की बात कही जा रही है, यह रणनीति इस बात की ओर इशारा करती है कि संचालक पुलिस की कार्यप्रणाली को अच्छी तरह समझ चुके हैं और उसी के अनुसार अपनी योजना बना रहे हैं।
नो मोबाइल’ नियम और हाई सिक्योरिटी सिस्टम
जुए के इस संगठित नेटवर्क में सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, जुआ खेलने आने वाले सभी लोगों के मोबाइल फोन एक जगह जमा कर लिए जाते हैं,जुआ स्थल पर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होती, केवल संचालकों के मोबाइल सक्रिय रहते हैं, जुआ स्थल की सही जानकारी प्रतिभागियों को तब दी जाती है, जब वे अपने मोबाइल जमा कर देते हैं, यह व्यवस्था न केवल पुलिस की निगरानी से बचने के लिए है, बल्कि किसी भी प्रकार की रिकॉर्डिंग या सूचना लीक होने की संभावना को भी खत्म करती है, इससे स्पष्ट होता है कि यह कोई सामान्य जुआ नहीं, बल्कि पूरी तरह संगठित और पेशेवर तरीके से चलाया जा रहा अवैध कारोबार है।
संचालकों के नाम और नेटवर्क की परतें
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे जुआ नेटवर्क के पीछे कुछ स्थानीय नाम लाला, अजीत और मोहन सामने आ रहे हैं, हालांकि इन नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शहर में इनकी चर्चा जोरों पर है। कहा जा रहा है कि ये लोग पूरे नेटवर्क को संचालित करने में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं, इस नेटवर्क में अलग-अलग स्तर पर काम करने वाले लोग शामिल हैं सूचना देने वाले, लोकेशन तय करने वाले, सुरक्षा देखने वाले और पैसे के लेन-देन को संभालने वाले। यानी, यह एक पूरी ‘टीम’ के रूप में काम कर रहा है।
पुलिस की भूमिका पर उठते सवाल- इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू है
पुलिस की भूमिका को लेकर उठ रहे सवाल,स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यदि इतना बड़ा और संगठित नेटवर्क चल रहा है, तो क्या पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है? या फिर कहीं न कहीं लापरवाही या मिलीभगत का मामला है? कुछ पुलिसकर्मियों के नाम भी चर्चा में हैं, जिनमें एक ‘सुपर कॉप’ कहे जाने वाले प्रधान आरक्षक और दूसरे प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा का नाम सामने आ रहा है,बताया जाता है कि राकेश शर्मा ने अपनी 15 साल की नौकरी में लगभग 13 साल मनेंद्रगढ़ थाने में ही बिताए हैं,जिससे उनकी स्थानीय पकड़ मजबूत मानी जाती है,हालांकि,इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है,लेकिन इस तरह की चर्चाएं पुलिस विभाग की छवि पर असर डाल रही हैं।
थाना प्रभारी और साइबर सेल भी सवालों के घेरे में…
यदि यह माना जाए कि जुआ इतने संगठित तरीके से संचालित हो रहा है,तो स्थानीय थाना प्रभारी और साइबर सेल की भूमिका भी स्वतः सवालों के घेरे में आ जाती है,क्या उन्हें इस गतिविधि की जानकारी नहीं है? यदि जानकारी है, तो कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? या फिर यह नेटवर्क पुलिस की कार्यप्रणाली को समझकर उनसे एक कदम आगे चल रहा है? ये सवाल अब आम जनता के बीच चर्चा का विषय बन चुके हैं।
आईजी सरगुजा के लिए बढ़ती चुनौती
सरगुजा रेंज के आईजी द्वारा लगातार जुए के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, सूरजपुर में हुई सख्ती इसका उदाहरण है। लेकिन जिस तरह से यह कारोबार एक जिले से दूसरे जिले में शिफ्ट हो रहा है, उससे साफ है कि केवल स्थानीय स्तर की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, अब आवश्यकता है एक व्यापक और समन्वित अभियान की, जिसमें विभिन्न जिलों की पुलिस मिलकर इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने का प्रयास करे।
जुआः सामाजिक और आर्थिक खतरा
जुआ केवल एक अवैध गतिविधि नहीं है,बल्कि यह समाज के लिए कई तरह के खतरे पैदा करता है,परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती है,अपराध दर में वृद्धि होती है, युवाओं में गलत प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिलता है, मनेंद्रगढ़ जैसे शहर में इस तरह का संगठित जुआ नेटवर्क भविष्य में बड़ी सामाजिक समस्याओं का कारण बन सकता है।
क्या होगा आगे?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेगा? क्या उच्च अधिकारी इस पर संज्ञान लेकर जांच के आदेश देंगे? क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या यह नेटवर्क इसी तरह चलता रहेगा?


Share

Check Also

रायपुर@गांजा तस्कर रवि साहू की संपत्ति होगी सीज

Share पुलिस ने SAFEMA कोर्ट में लगाया आवेदन, 7.50 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त करने …

Leave a Reply