-संवाददाता-
अंबिकापुर/लखनपुर,11 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी पर नाबालिग पीडि़ता को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के आरोपियों की धरपकड़ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लखनपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में पीडि़ता द्वारा थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि अमन खाण्डेकर (24 वर्ष), निवासी डांडगांव, थाना उदयपुर, जिला सरगुजा ने 10 मार्च 2026 एवं 8 अप्रैल 2026 को शादी करने का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी द्वारा शादी से इनकार करने पर पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना लखनपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अमन खाण्डेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सम्पत पोटाई, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, पिताम्बर सिंह, आरक्षक दशरथ राजवाड़े तथा महिला आरक्षक अमरावती राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur