Breaking News

अम्बिकापुर@ हेलमेट नहीं पहनने की लापरवाही पड़ रही भारी,सड़क हादसों में जा रही जान

Share


डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल की अपील…हेलमेट पहनें,सुरक्षित
घर लौटें,थाना-चौकी प्रभारियों को जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)
। जिंदगी अनमोल है और सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से होने वाली मौतों को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की है। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में सरगुजा जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं पहनने की लापरवाही गंभीर साबित हुई है। सीतापुर थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटना में दो पुरुषों की सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दावा में सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। वहीं, लखनपुर थाना क्षेत्र के लहपटरा में हुई दुर्घटना में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक,इन सभी मामलों में संबंधित दोपहिया वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था। इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हेलमेट की उपयोगिता को रेखांकित किया है। दुर्घटना के समय सिर पर लगने वाली गंभीर चोट जानलेवा साबित हो सकती है। हेलमेट पहनना न केवल यातायात नियमों का पालन है, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने के लिए नागरिकों को स्वयं जिम्मेदारी समझनी होगी। पुरुष हों या कामकाजी महिलाएं,दोपहिया वाहन चलाते समय या उस पर सवार होते समय आईएसआई मार्क वाला हेलमेट अवश्य पहनें और उसकी स्टि्रप ठीक से बांधें। हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं,बल्कि जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों तथा परिचितों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। सड़क सुरक्षा को अपनी आदत बनाना जरूरी है, ताकि दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम किया जा सके।


Share

Check Also

सूरजपुर@ खरगे के बयान पर सूरजपुर में भाजयुमो का उग्र प्रदर्शन

Share अग्रसेन चौक पर सियासी संग्रामः भाजयुमो ने फूंका खरगे का पुतला,पुलिस से हुई झूमाझटकी-संवाददाता-सूरजपुर,26 …

Leave a Reply