-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 जून 2026 (घटती-घटना)। ‘यह सम्मान केवल मेरा नहीं, मेरी माटी, मेरी संस्कृति और अंबिकापुर की जनता का है। माँ महामाया के आशीर्वाद के बिना यह संभव नहीं था।’ अहमदाबाद से राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर लौटे विश्व रिकॉर्डधारी लाल विजय श्रीवास्तव ‘लाल जी’ ने यह बात कही। गुजरात के अहमदाबाद स्थित सिल्वर क्लाउड होटल में 6 जून को आयोजित राष्ट्रीय समारोह में लाल जी को ‘10वां जीनियस इंडियन अचीवर्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. पी.के. राजपूत, डॉ. पंडित आर.बी. नायर एवं सीईओ पावन सोलंकी ने उन्हें ट्रॉफी प्रदान की। इस उपलब्धि के बाद अंबिकापुर लौटने पर उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई। लाल जी अपनी अनूठी साधना और सूर्य निहारने की कला को लेकर देशभर में चर्चा में रहे हैं। इसी प्रतिभा के आधार पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। हाल ही में उन्हें अमेरिका स्थित विश्व रिकॉर्ड संस्था द्वारा नए रिकॉर्ड दावों के मूल्यांकन के लिए आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय जज के रूप में भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
माँ महामाया के चरणों में रखेंगे मेडल : लाल जी ने बताया कि अमेरिका से भेजा गया उनका आधिकारिक मेडल और सम्मान पत्र उन्हें प्राप्त होने वाला है। उन्होंने घोषणा की कि यह सम्मान वे अंबिकापुर की आराध्य देवी माँ महामाया के चरणों में समर्पित करेंगे। उनके अनुसार यह उपलब्धि व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे सरगुजा अंचल की पहचान और गौरव से जुड़ी है। उन्होंने अपनी सफलता में सहयोग देने वाले वसुंधरा बिल्डर्स के डायरेक्टर के.एन. सिंह का विशेष आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अब वैश्विक मंचों पर नजर : राष्ट्रीय सम्मान के बाद लाल जी ने अपनी अगली योजना का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अब इंडियाज़ गॉट टैलेंट और अमेरिकाज़ गॉट टैलेंट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचना है। उनका मानना है कि भारत की पारंपरिक साधना और विशिष्ट कलाओं को वैश्विक मंच पर पहचान मिलनी चाहिए।
लोगों से की सहभागिता की अपील : लाल जी ने अंबिकापुर एवं सरगुजा अंचल के लोगों, माताओं-बहनों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि जब वे माँ महामाया मंदिर में सम्मान समर्पित करने पहुंचें, तब अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनें। कार्यक्रम की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur