Breaking News

अम्बिकापुर@विद्याचरण शुक्ल,रामप्रसाद बिस्मिल और राजेश पायलट को कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 जून 2026 (घटती-घटना)। जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा गुरुवार को राजीव भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व. विद्याचरण शुक्ल की 13वीं पुण्यतिथि, महान क्रांतिकारी अमर शहीद रामप्रसाद बिस्मिल की जयंती तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व. विद्याचरण शुक्ल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके राजनीतिक जीवन और छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 में झीरम घाटी नक्सली हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद 11 जून 2013 को उनका निधन हो गया था। सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि स्व. विद्याचरण शुक्ल का राजनीतिक जीवन कार्यकर्ताओं और आम लोगों के प्रति समर्पण का उदाहरण था। उन्होंने कहा कि विद्या भैया अपनी सहज उपलब्धता और लोगों की निस्वार्थ सहायता के लिए जाने जाते थे तथा आज भी कार्यकर्ताओं के दिलों में उनकी विशेष जगह है। इस अवसर पर अमर शहीद रामप्रसाद बिस्मिल की जयंती पर भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करते हुए कहा कि ‘सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है’ जैसे क्रांतिकारी उद्बोधन आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। काकोरी कांड के महानायक रामप्रसाद बिस्मिल को अंग्रेजी हुकूमत ने वर्ष 1927 में फांसी दी थी। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. राजेश पायलट को भी उनकी 26वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। वक्ताओं ने उनके राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय वायुसेना की नौकरी छोडकर सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और छह बार सांसद चुने गए। वर्ष 2000 में एक सडक दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। श्रद्धांजलि सभा का संचालन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा ने किया।
कार्यक्रम को मो. इस्लाम, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, लोकेश कुमार और रजनीश सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में इंद्रजीत सिंह धंजल, एपी सांडिल्य, संजय सिंह, जमील खान, प्रमोद चौधरी, मो. हसन, लुकस एक्का, बल्केश्वर तिर्की, निकी खान, अमित सिंह, विकास केशरी, शिवराज सिंह, लखन मरावी, केदार यादव, वीरेंद्र सिन्हा, बिखन राम, शोभनाथ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

रायपुर@पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि,अन्याय पर होगा प्रदेशव्यापी विरोध:प्रेस एंड मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन

Share रायपुर में प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार और पत्रकार एकजुटता पर बनी रणनीति …

Leave a Reply