-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुर्लभ पुरानी वस्तु, रेडियो एक्टिव पैकिंग तथा उसे ऊंचे दामों पर बेचने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 3 करोड़ 8 लाख 78 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले में लंबित प्रकरणों के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, ग्राम गंगापुरखुर्द निवासी करमबेल कच्छप ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जुलाई 2023 से सितंबर 2024 के बीच आरोपियों ने सुनियोजित षड़यंत्र के तहत फर्जी रिपोर्ट और रजिस्ट्रेशन दस्तावेज दिखाकर दुर्लभ पुरानी वस्तु एवं रेडियो एक्टिव सामग्री की पैकिंग और बिक्री के नाम पर उससे कुल 3,08,78,000 रुपये प्राप्त कर लिए। शिकायत के आधार पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 217/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपियों की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाया गया। इसके बाद दो विशेष पुलिस टीमों का गठन कर पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश भेजा गया। पुलिस को सफलता तब मिली जब मुख्य आरोपी रेलवे मार्ग से भागने की फिराक में मिले। बिहार के पटना रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल बिलासपुर के सहयोग से घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीसरे आरोपी को वाराणसी से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में डॉ. बल्ला रामा कृष्णा (51 वर्ष), संजय कुमार बिंद (38 वर्ष) तथा बाबूलाल राजभर (55 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जांच में करोड़ों रुपये की ठगी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई साइबर तकनीक,अंतरराज्यीय समन्वय और लगातार निगरानी के कारण संभव हो सकी। मामले की आगे भी जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इसी प्रकार की ठगी अन्य लोगों के साथ भी की है या नहीं। इस कार्रवाई में थाना गांधीनगर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल टीम तथा रेलवे सुरक्षा बल बिलासपुर के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur