Breaking News

धमतरी@भारतमाला मुआवजा केस में ईडी की रेड…रायपुर-धमतरी में 8 ठिकानों पर कार्रवाई

Share


66.9 लाख कैश और 37 किलो चांदी जब्त
धमतरी,28 अप्रैल 2026। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने मंगलवार सुबह रायपुर, अभनपुर, धमतरी और कुरुद स्थित 8 अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। जांच एजेंसी को शिकायत मिली थी कि भारतमाला हाईवे प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान मुआवजा राशि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। ईडी मनी लॉन्डि्रंग एक्ट के तहत यह जांच कर रही है कि इस ‘काले धन’ को कहां-कहां खपाया गया है। दिनभर चली तलाशी के दौरान अधिकारियों ने 66.9 लाख कैश और 37.13 किलोग्राम चांदी जब्त की है, जिसमें चांदी की ईंटें और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। इसके अलावा कई लैपटॉप, मोबाइल फोन और हार्ड डिस्क भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी को आशंका है कि इन डिजिटल उपकरणों में मुआवजा लेनदेन से जुड़े अहम दस्तावेज और कच्चा हिसाब-किताब मौजूद हो सकता है। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के चचेरे भाई भूपेंद्र चंद्राकर के ठिकानों पर देर रात तक छापेमारी की गई थी। साथ ही कुरूद में ही राइस मिलर रौशन चंद्राकर के यहां भी छापा मारा गया था। इसके अलावा अभनपुर में भी ईडी की टीम ने कारोबारी गोपाल गांधी और उसके भाइयों के घर दबिश दी थी। यहां रेड के दौरान अफसरों से बदसलूकी और धक्का-मुक्की की गई। डिप्टी डायरेक्टर की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। अभनपुर टीआई सत्येंद्र श्याम ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है।
शिकायतों के आधार
पर ईडी की जांच

भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए जमीन अधिग्रहण में करीब 500 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कृषि भूमि को बैकडेट में गैर-कृषि घोषित कर उसका मुआवजा कई गुना बढ़ाया गया। साथ ही एक ही खसरे की जमीन को कागजों में अलग-अलग हिस्सों में बांटकर अलग-अलग लोगों के नाम पर भुगतान किया गया। ईडी इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में छापेमारी कर करोड़ों की संपत्ति अटैच कर चुकी है।
पूर्व मंत्री के भाई के घर 15 घंटे जांच
अजय चंद्राकर के भाई के घर कार्रवाई की बात करें तो ईडी की टीम सोमवार सुबह करीब 6 बजे भूपेंद्र चंद्राकर के घर पहुंची थी। करीब 15 घंटे तक टीम जांच करती रही। करीब 1 बजे तक टीम कार्रवाई में जुटी रही, जिसके बाद वापस लौट गई। जांच के दौरान टीम अपने साथ दो थैलों में महत्वपूर्ण दस्तावेज, जमीन से जुड़े कागजात, एक मोबाइल और लगभग 8 से 9 लाख रुपये कैश लेकर गई है।
अभनपुर में अफसरों से बदसलूकी
जानकारी के मुताबिक, अभनपुर में ईडी की टीम जब दस्तावेज और अन्य सबूत जुटाने की कार्रवाई कर रही थी,तभी सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी ने टीम को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि दोनों ने ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह और टीम के अन्य सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की की और कार्रवाई में बाधा डाली।
डिप्टी डायरेक्टर ने की शिकायत
अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार और सरकारी काम में बाधा डालने की शिकायत ईडी की ओर से अभनपुर थाने में दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@दवाओं की उपलब्धता पर भी उठे सवाल

Share अम्बिकापुर,18 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा औषधि विक्रेता संघ ने जिले में दवाओं की सीमित …

Leave a Reply