सुप्रीम कोर्ट ने इच्छा मृत्यु की अनुमति भी असाधारण परिस्थितियों में दी…लेकिन समाज
में लोग जीवन के सारे रास्ते खुले होने के बावजूद आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठा रहे हैं?…
भारत में मार्च 2026 का महीना न्यायिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गया, पहली बार सुप्रीम कोर्ट ने एक ऐसे व्यक्ति के मामले में इच्छा मृत्यु की अनुमति दी,जो करीब 13 वर्षों से कोमा में था और पूरी तरह जीवनरक्षक उपकरणों पर निर्भर था,32 वर्षीय हरीश राणा के मामले में अदालत ने चिकित्सकीय रिपोर्ट,विशेषज्ञों की राय और परिवार की सहमति के आधार पर यह माना कि अब चिकित्सा विज्ञान के पास उसके सामान्य जीवन में लौटने की कोई वास्तविक संभावना नहीं बची है, ऐसे में जीवनरक्षक प्रणाली हटाने की अनुमति दी गई,यह फैसला केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं था,बल्कि इसने यह भी स्पष्ट कर दिया कि भारतीय न्याय व्यवस्था जीवन को सर्वोच्च मानती है, अदालत ने इच्छा मृत्यु को सामान्य अधिकार नहीं माना,बल्कि केवल उन असाधारण परिस्थितियों के लिए स्वीकार किया, जहां जीवन बचाने की कोई वास्तविक संभावना शेष नहीं हो,यहीं से एक दूसरा और कहीं अधिक गंभीर सवाल जन्म लेता है,एक ओर न्यायालय किसी व्यक्ति का जीवन बचाने के लिए वर्षों तक इंतजार करता है और हर संभावना समाप्त होने के बाद ही इच्छा मृत्यु कीअनुमति देता है,दूसरी ओर समाज में हर वर्ष हजारों लोग ऐसे हैं, जिनके सामने जीवन के अनेक रास्ते खुले होते हैं, फिर भी वे आत्महत्या का रास्ता चुन लेते हैं,क्या यह केवल मानसिक कमजोरी है? क्या यह सामाजिक दबाव है? क्या यह संवादहीनता है? या फिर हम ऐसा समाज बनते जा रहे हैं, जहां कठिनाइयों से लड़ने के बजाय उनसे भागना आसान लगने लगा है?
जीवन ईश्वर का सबसे बड़ा उपहार है,कठिनाइयाँ जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन उनसे लड़ना ही मनुष्य की पहचान है, यदि भारत का सर्वोच्च न्यायालय भी जीवन को बचाने के हर संभव प्रयास के बाद ही इच्छा मृत्यु जैसे निर्णय की अनुमति देता है, तो यह समाज के लिए भी संदेश है कि जब तक आशा की एक किरण भी शेष है, तब तक हार नहीं माननी चाहिए, आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि उन सभी संभावनाओं का अंत है जो आने वाला कल बदल सकती थीं,इसलिए आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने आसपास के लोगों, विशेषकर बच्चों और युवाओं की मनःस्थिति को समझें,उनसे संवाद करें और उन्हें यह विश्वास दिलाएं कि हर अंधेरे के बाद उजाला अवश्य आता है।
इच्छा मृत्यु और आत्महत्या में सबसे बड़ा अंतर समझना होगा-अक्सर लोग इन दोनों विषयों को एक नजर से देखते हैं,जबकि दोनों में जमीन-आसमान का अंतर है,इच्छा मृत्यु उस स्थिति के लिए है जहां व्यक्ति चिकित्सा विज्ञान की दृष्टि से सामान्य जीवन में लौटने की संभावना लगभग समाप्त हो चुकी हो,वहां अदालत,डॉक्टरों का बोर्ड, परिवार और कानूनी प्रक्रिया मिलकर निर्णय लेते हैं,जबकि आत्महत्या अधिकांश मामलों में ऐसे समय होती है जब जीवन समाप्त नहीं हुआ होता, बल्कि व्यक्ति का साहस टूट जाता है, समस्या अस्थायी होती है,लेकिन निर्णय स्थायी हो जाता है, यही सबसे बड़ा अंतर है।
99 प्रतिशत मामलों में समाधान मौजूद होता है-पिछले कुछ वर्षों में सामने आए आत्महत्या के अनेक मामलों को देखें तो अधिकांश घटनाओं में व्यक्ति के सामने विकल्प मौजूद थे, परिवार था,कानून था,न्याय पाने का रास्ता था,समाज का सहयोग मिल सकता था,समय के साथ परिस्थितियां बदल सकती थीं, लेकिन कुछ मिनटों, कुछ घंटों या कुछ दिनों का मानसिक दबाव व्यक्ति को यह विश्वास दिला देता है कि अब कोई रास्ता नहीं बचा, यहीं सबसे बड़ी त्रासदी शुरू होती है।
बैकुंठपुर की घटना ने फिर वही सवाल खड़ा कर दिया-कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय आदिवासी छात्रा की आत्महत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया,मामले की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएंगे,लेकिन इस घटना ने समाज के सामने एक ऐसा प्रश्न रख दिया है जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता, यदि उस बच्ची को समय पर यह भरोसा दिलाया जाता कि गलती हुई है तो कानून है,परिवार है,जीवन खत्म नहीं हुआ है,तो क्या परिणाम अलग हो सकता था? यह प्रश्न केवल पुलिस से नहीं है,यह परिवार से भी है, यह समाज से भी है, यह स्कूलों से भी है,यह हम सब से है।
हम बच्चों की पढ़ाई समझते हैं, मनोदशा नहीं-आज अभिभावक बच्चों की पढ़ाई पर घंटों चर्चा करते हैं, अंक कम आए तो चिंता होती है, मोबाइल ज्यादा चला लिया तो डांट पड़ती है,लेकिन कितने अभिभावक रोज अपने बच्चों से यह पूछते हैं आज तुम्हारा मन कैसा है? कोई बात परेशान तो नहीं कर रही? किसी ने तुम्हें अपमानित तो नहीं किया? बच्चे अक्सर अपनी सबसे बड़ी लड़ाई अपने भीतर अकेले लड़ते हैं, जब तक परिवार को पता चलता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।
आत्महत्या कभी समस्या का समाधान नहीं होती-कानून भी यही कहता है, मनोवैज्ञानिक भी यही कहते हैं, धर्म भी यही कहता है,जीवन की हर कठिनाई अस्थायी है,लेकिन आत्महत्या स्थायी निर्णय है,जो व्यक्ति यह कदम उठाता है,वह केवल अपना जीवन समाप्त नहीं करता,बल्कि अपने पीछे ऐसा खालीपन छोड़ जाता है जिसे उसका परिवार जीवनभर भर नहीं पाता।
समाज को भी बदलना होगा-हम अक्सर किसी घटना के बाद दोषी तलाशने लगते हैं,.लेकिन बहुत कम लोग यह सोचते हैं कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों,इसके लिए क्या किया जाए,किसी व्यक्ति का सार्वजनिक अपमान,सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग, छोटी-छोटी बातों को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना देना,बच्चों पर अत्यधिक अपेक्षाओं का दबाव—ये सब धीरे-धीरे मानसिक तनाव का कारण बनते हैं,आज आवश्यकता केवल कानून की नहीं, बल्कि संवेदनशील समाज की है।
पुलिस और प्रशासन की भूमिका भी महत्वपूर्ण-जब किसी विवाद में नाबालिग या मानसिक रूप से तनावग्रस्त व्यक्ति शामिल हो, तब केवल कानूनी प्रक्रिया पर्याप्त नहीं होती, ऐसे मामलों में संवेदनशील व्यवहार, मनोवैज्ञानिक समझ और समय पर परामर्श भी उतना ही आवश्यक है, कई बार एक सही शब्द, एक भरोसा और कुछ मिनटों की बातचीत किसी की जान बचा सकती है।
हर संकट का दूसरा रास्ता होता है- इतिहास गवाह है कि जिन लोगों ने सबसे कठिन परिस्थितियों का सामना किया, वही आगे चलकर समाज के लिए प्रेरणा बने,गरीबी,असफलता,अपमान, मुकदमे,आर्थिक संकट—इनमें से कोई भी परिस्थिति जीवन समाप्त करने का कारण नहीं हो सकती, जीवन संघर्ष का दूसरा नाम है,जो संघर्ष करता है,वही आगे बढ़ता है।
समाज के लिए सबसे बड़ा संदेश- सुप्रीम कोर्ट ने इच्छा मृत्यु की अनुमति तब दी, जब जीवन बचाने का हर रास्ता समाप्त हो चुका था,लेकिन आत्महत्या के अधिकांश मामलों में जीवन बचाने के रास्ते समाप्त नहीं होते,बल्कि व्यक्ति का विश्वास समाप्त हो जाता है,यही विश्वास हमें लौटाना होगा, परिवार को बच्चों से संवाद बढ़ाना होगा,स्कूलों को मानसिक स्वास्थ्य पर काम करना होगा,पुलिस और प्रशासन को संवेदनशील हस्तक्षेप की संस्कृति विकसित करनी होगी,और समाज को यह समझना होगा कि किसी भी व्यक्ति की एक गलती,एक असफलता या एक अपमान उसके पूरे जीवन से बड़ा नहीं हो सकता।

कोरिया,
छत्तीसगढ़
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur