आशीर्वाद के दीये से लेकर सेवा गतिविधियों तक,जनभागीदारी पर रहेगा जोर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के साथ विभिन्न सेवा गतिविधियों में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। उन्होंने जिलों में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, कार्ययोजना और विभागीय दायित्वों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध एवं प्रभावी मैदानी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। कलेक्टोरेट के एनआईसी कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जुड़े कलेक्टर अजीत वसंत ने सरगुजा जिले में अभियान को लेकर की जा रही तैयारियों एवं कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे। 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत होगी। शाम को प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसे 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया गया है। अभियान में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत विद्यालयों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं, ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक तथा ‘आंगन का उत्सव’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों में माताओं एवं बच्चों से संवाद और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा ‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियां संकलित कर डिजिटल डेटा बैंक तैयार किया जाएगा। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों एवं संस्थाओं को विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, जबकि ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास होगा। अभियान के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तथा जनसेवक महाकुंभ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। अधिकारियों को अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur