Breaking News

अम्बिकापुर@दो बार चोरी,सीसीटीवी में कैद आरोपी फिर भी पुलिस की पकड़ से बाहर

Share


ग्राहक सेवा केंद्र से 4.41 लाख रुपए और किराना सामान पार,संचालक ने एसएसपी से लगाई गुहार

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भंवरडांड़ में ग्राहक सेवा केंद्र में लगातार दो बार चोरी होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का मामला सामने आया है। पीडि़त संचालक का दावा है कि दोनों वारदातों में बदमाश ग्राहक सेवा केंद्र का शटर तोडकर करीब 4 लाख 41 हजार रुपए कैश और किराना सामान ले गए। दोनों घटनाओं की रिपोर्ट सीतापुर थाने में दर्ज है। इसके बावजूद सीसीटीवी फुटेज में आरोपी नजर आने के बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं होने से संचालक ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। ग्राम भंवरडांड़ निवासी सत्यनारायण कुशवाहा पिता स्व. गणेश कुशवाहा गांव में ही स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करता है। उसने एसएसपी को दिए आवेदन में बताया कि पिछले दो माह के भीतर उसके केंद्र को दो बार निशाना बनाया गया। 11 जुलाई 2026 को शटर का ताला तोडकर 4 लाख 32 हजार रुपए कैश चोरी किए गए। इसके बाद 11 अगस्त की अलसुबह फिर शटर का ताला तोडकर 9 हजार रुपए कैश और किराना सामान चोरी कर लिया गया। संचालक के अनुसार इससे पहले जुलाई 2023 में भी उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट का प्रयास किया गया था। इन घटनाओं की शिकायत सीतापुर थाने में दर्ज कराई गई है। उसका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गांव के युवक पर जताया शक : सत्यनारायण ने गांव के ही दीपक कुशवाहा पिता अनिरुद्ध कुशवाहा और उसके दो साथियों पर चोरी में शामिल होने का शक जताया है। उसका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे एक युवक की चाल-ढाल और शारीरिक बनावट संदिग्ध दीपक से मिलती है। हालांकि पुलिस की ओर से उसे आरोपी नहीं माना गया है। संचालक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सीसीटीवी में दिखे तीन नकाबपोश : 11 अगस्त की घटना के सीसीटीवी फुटेज में अलसुबह करीब तीन युवक ग्राहक सेवा केंद्र के पास पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। तीनों ने चेहरे ढक रखे थे। उन्होंने पहले शटर का ताला तोड़ा। इसके बाद केसरिया रंग का गमछा सिर पर बांधे एक युवक शटर के नीचे से अंदर घुसता नजर आ रहा है। कुछ देर बाद आरोपी चोरी करने के बाद मौके से फरार होते भी दिखाई दे रहे हैं। पीडि़त संचालक ने फुटेज सहित अन्य जानकारी एसएसपी को सौंपकर मामले की दोबारा जांच कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। एसएसपी की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर/बिलासपुर@ आईसी मार्ट प्रकरण में हाईकोर्ट से जगत बैद और दीपक बैद को अंतरिम राहत

Share अग्रिम जमानत याचिकाओं पर कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा,अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी पर रोक;पुलिस …

Leave a Reply