Breaking News

अम्बिकापुर@हम यहां के दादा हैं… अध्यक्ष के भतीजे से मारपीट, 2500 रुपए लूटे

Share


रिपोर्ट करने पर चाकू से हमला कर जान से मारने की धमकी,दो नामजद समेत छह पर एफआईआर

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के भतीजे के साथ मारपीट कर 2500 रुपए लूटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने समलाया मंदिर के पास स्कूटी सवार युवक को रोककर पहले रुपए मांगे। रुपए देने से इनकार करने पर जेब से जबरन रकम निकाल ली और अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। पीडि़त की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनेंद्रगढ़ रोड पंजाब गार्डन के पीछे निवासी अभिरत सिंहदेव पिता अमिताभ सिंहदेव ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर की शाम करीब 6 बजे वह अपने दोस्त देव दुबे के साथ स्कूटी से महामायापारा निवासी शकील फिरदौसी के पास रायफल शूटिंग के संबंध में बातचीत करने जा रहा था। इसी दौरान समलाया मंदिर के पास गोलू पठान और राज बंगाला ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने अभिरत से रुपए की मांग की। रुपए देने से मना करने पर उसकी जेब से जबरन 2500 रुपए निकाल लिए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए दोनों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर अभिरत से मारपीट की। इस दौरान उसके दोस्त देव दुबे ने माफी मांगकर किसी तरह उसे बचाया। मारपीट में आरोपियों ने उसका चश्मा भी तोड़ दिया।
थाने गए तो चाकू से मार देंगे… : पीडि़त के अनुसार मारपीट के दौरान आरोपियों ने खुद को क्षेत्र का दबंग बताते हुए कहा कि ‘हम यहां के दादा हैं।’ इसके बाद थाने में शिकायत करने पर चाकू से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद अभिरत ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
छह आरोपियों पर केस : पुलिस ने गोलू पठान, राज बंगाला समेत छह आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 119(1), 191(2), 296, 324(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों की भूमिका और घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर/बिलासपुर@ आईसी मार्ट प्रकरण में हाईकोर्ट से जगत बैद और दीपक बैद को अंतरिम राहत

Share अग्रिम जमानत याचिकाओं पर कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा,अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी पर रोक;पुलिस …

Leave a Reply