दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सरगुजा जिले में निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया। जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मतदाता सूची का अवलोकन कराया गया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष कुमार देवांगन एवं जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जिले में कुल 6 लाख 9 हजार 271 मतदाता हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में दावा-आपत्ति 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती है। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जनवरी 2027 के साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं और नए नागरिकों से प्रारूप-6 में अग्रिम आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इससे पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इस दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहयोग करने तथा मतदान केंद्र स्तर पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति कर सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके। 12 नवंबर 2026 की स्थिति में जिले के विधानसभा क्षेत्रों में कुल 6 लाख 9 हजार 271 मतदाता दर्ज हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 3 लाख 4 हजार 681, महिला मतदाताओं की संख्या 3 लाख 4 हजार 573 तथा थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 17 है। विधानसभा क्षेत्रवार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 09 लुण्ड्रा में कुल 188685 मतदाता हैं, जिनमें 95065 पुरुष, 93616 महिला और 4 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अंबिकापुर में कुल 229556 मतदाता है, जिनमें 114176 पुरुष, 115369 महिला और 11 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 सीतापुर में कुल 191030 मतदाता हैं, जिनमें 95440 पुरुष, 95588 महिला और 2 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur