ज्ञान से अवसर पैदा करें : राष्ट्रपति मुर्मु
नई दिल्ली,12 नवम्बर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को कहा कि विद्यार्थियों का लक्ष्य अपने ज्ञान के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित करने का भी होना चाहिए। इससे देश के समावेशी विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से ऊंचे लक्ष्य रखने और लगन, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करने का आग्रह किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘शिक्षा केवल आजीविका कमाने का साधन नहीं होना चाहिए बल्कि, विद्यार्थियों का लक्ष्य अपने ज्ञान के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित करने का भी होना चाहिए। जब हमारे युवा रोजगार सृजनकर्ता बनेंगे, तब देश के समावेशी विकास को और गति मिलेगी। विद्यार्थी समसामयिक घटनाओं और देश-दुनिया में हो रहे बदलावों के बारे में अवगत रहें। इससे उन्हें तार्किक सोच और विश्लेषणात्मक कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी। जब भी विद्यार्थी अपने गांव जाएं, अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के साथ समसामयिक घटनाओं और सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में की जानकारी साझा करें। उनके इस प्रयास से परिवार और समाज लाभान्वित होगा तथा उनकी शिक्षा की सार्थकता बढ़ेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur