Breaking News

अम्बिकापुर@ मुंह में पॉप-पॉप पटाखा रखकर चबाया फटने से दो साल के मासूम की मौत

Share


मसूड़ों में गंभीर चोट लगने से हुआ लगातार रक्तस्राव,बेटे का शव गोद में लेकर अस्पताल में बिलखता रहा पिता
-संवाददाता-
अम्बिकापुर12 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
दीपावली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। सीतापुर क्षेत्र में दो साल के मासूम ने खेलते-खेलते पॉप-पॉप पटाखा मुंह में रखकर चबा लिया। इसी दौरान पटाखा मुंह में ही फट गया। हादसे में उसके मसूड़ों में गंभीर चोट आई और लगातार खून बहने लगा। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन गुरुवार सुबह अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बनेया निवासी इंद्रजीत माझी ने दीपावली के लिए पटाखे खरीदे थे। इनमें बच्चों के लिए पॉप-पॉप पटाखे भी थे। बताया जा रहा है कि उनका दो वर्षीय बेटा आदित्य पटाखे के एक पैकेट से खेल रहा था। इसी दौरान उसने एक पटाखा मुंह में डालकर चबा लिया। मुंह में पटाखा फटने से उसके मसूड़ों से खून बहने लगा। बच्चे की हालत देखकर परिजन तत्काल उसे सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद वे उसे घर ले आए,लेकिन रक्तस्राव बंद नहीं हुआ। इसके बाद परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन उसे मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। इसके बावजूद लगातार रक्तस्राव के कारण उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता अपने कलेजे के टुकड़े का शव गोद में लेकर बिलखता रहा। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। डॉक्टरों के अनुसार, पटाखा मुंह में फटने से बच्चे के मसूड़ों में गंभीर चोट आई थी। लगातार रक्तस्राव उसकी मौत की वजह बना।


Share

Check Also

अंबिकापुर/सूरजपुर@ 18 जिंदगियां निगल चुका कबरा कान,फिर मचाया खूनी तांडव!

Share सूरजपुर से उदयपुर तक मौत का सफर! कबरा कान ने फिर ली महिला की …

Leave a Reply