जगदलपुर,12 नवम्बर 2026। जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई सोने के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है,जबकि एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, ऑटो और बाइक भी जब्त की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तार आरोपी एक ही परिवार के हैं। चोरी के बाद आरोपी जंगल में छिप गए थे। पुलिस ने ड्रोन और थर्मल कैमरों की मदद से उनकी तलाश की और गिरफ्तार किया। गिरोह के 3 अन्य आरोपी अभी फरार हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
त्योहार की भीड़ का उठाया फायदा : पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर को शाम करीब 4ः30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में त्योहार के कारण ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह दुकान पहुंचा। महिलाओं ने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार का ध्यान भटकाया। इसी बीच एक महिला ने दराज में रखा सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक का बॉक्स निकालकर एक नाबालिग लड़की को दे दिया। इसके बाद पूरा ग्रुप दुकान से निकल गया। शाम करीब 7ः30 बजे दुकानदार को सोने के टॉप्स वाला बॉक्स नहीं मिला। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में महिलाओं और बच्चों के समूह की गतिविधियां सामने आईं। दुकानदार की शिकायत पर कोतवाली थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
स्कॉर्पियो के जरिए गिरोह तक पहुंची पुलिस : जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर सेल की मदद और मुखबिर से मिली सूचना पर सफेद रंग की स्कॉर्पियो (ष्टत्र 17 ष्ट 3511) की पहचान की गई। वाहन मालिक से पूछताछ में पता चला कि उसने स्कॉर्पियो दुआ मोटर्स में बेची थी। वहां जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह वाहन मासों कश्यप निवासी पथरीली उड़वा, कोड़ेनार ने खरीदा था। इसके बाद सीएसपी अंशिका जैन ने 4 स्पेशल टीमें बनाई। पुलिस टीमों ने कोड़ेनार क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव में दबिश दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध चोरी का सामान लेकर जंगल की ओर भाग गए थे।
जंगल में ड्रोन और थर्मल कैमरे से तलाश : आरोपियों के जंगल में छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने रात में इलाके की घेराबंदी की। घना जंगल और बड़ी घास होने के कारण उनकी तलाश में परेशानी हुई। इसके बाद थर्मल कैमरे और ड्रोन की मदद से संभावित ठिकानों पर नजर रखी गई। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पैदल गश्त कर आरोपियों की तलाश की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्धों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा और पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद किए गए।
महिलाएं-बच्चे चोरी करते, पुरुष खपाते थे माल
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के पुरुष सदस्य पहले दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद महिलाओं और बच्चों को समूह में भीड़भाड़ वाली दुकानों में भेजा जाता था। वे दुकानदार का ध्यान भटकाकर आभूषण चोरी करते थे। चोरी के सामान को छिपाने और बेचने की जिम्मेदारी पुरुष सदस्यों की होती थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur