Breaking News

अम्बिकापुर@ मतदाता सूची में गड़बड़ी रोकने कांग्रेस का बूथ स्तर तक अभियान

Share

,टीएस सिंहदेव बोले… हर नागरिक अपने और पड़ोसियों के नाम मतदाता सूची में होने की करे पड़ताल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
मतदाता सूची में कथित गड़बडि़यों और वैध मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी अभियान को जमीनी स्तर पर तेज कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ,देश बचाओ’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न संगठनात्मक ब्लॉकों के अंतर्गत आने वाले 19 मंडलों में मंडल स्तरीय जनचौपाल का आयोजन किया गया। इन चौपालों के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची की निगरानी, वैध मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और संदिग्ध नामों की पहचान को लेकर कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को जागरूक किया। अभियान के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव,अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त सरगुजा प्रभारी देवाशीष पटनायक,पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत,पूर्व विधायक रामदेव राम,जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक,प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह एवं पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न मंडलों में आयोजित चौपालों में शामिल हुए। नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर सतर्कता बरतने की अपील की।
वैध मतदाताओं के अधिकारोंकी रक्षा के लिए सतर्कता जरूरी : देवाशीष पटनायक
दरिमा ब्लॉक के करजी मंडल अंतर्गत ग्राम बेलटिकरा में आयोजित जनचौपाल को संबोधित करते हुए एआईसीसी से नियुक्त सरगुजा प्रभारी देवाशीष पटनायक ने कहा कि सरगुजा में कांग्रेस का संगठन मजबूत है और वह प्रत्येक वैध मतदाता के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मतदाता चाहे किसी भी राजनीतिक दल का समर्थक हो, उसका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास कर रही है,जिससे भाजपा के समर्थक नहीं रहने वाले मतदाताओं को मताधिकार से वंचित किया जा सके। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की नीतियों और उनके बयानों का उल्लेख करते हुए आशंका जताई कि कहीं वैध नागरिकों को ही संदेह के दायरे में लाकर उन्हें घुसपैठिया घोषित करने की स्थिति न पैदा कर दी जाए। पटनायक ने कहा कि केवल राजनीतिक दलों के भरोसे मतदाता अधिकारों की सुरक्षा नहीं छोड़ी जा सकती। प्रत्येक नागरिक को स्वयं भी जागरूक होना होगा। अपने मतदाता पहचान और मतदाता सूची में दर्ज नाम की स्थिति की समय-समय पर जांच करना जरूरी है, ताकि किसी भी वैध मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।
16 नवंबर से सरगुजा में रहेंगे नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत : इधर,छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रभारी एवं लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत 15 नवंबर से छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। उनके सरगुजा दौरे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम की जानकारी दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे 16 नवंबर को सरगुजा पहुंचेंगे। इसके बाद 17 नवंबर को उदयपुर में बूथ स्तरीय चौपाल को संबोधित करेंगे। इसी दिन उनका ग्राम साल्ही पहुंचकर परसा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली में आयोजित बूथ स्तरीय जनचौपाल में शामिल होंगे। यहां कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से संवाद करने के बाद वे अंबिकापुर लौटेंगे। 18 नवंबर को सुखदेव भगत जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे राजपुर पहुंचकर बूथ स्तरीय जनचौपाल को संबोधित करेंगे। सरगुजा का दौरा पूरा करने के बाद वे वापस लोहरदगा रवाना होंगे।
वोटर कार्ड को नागरिकता का आधार बनाने की कोशिश का आरोप : टीएस सिंहदेव
अंबिकापुर के विभिन्न मंडलों में आयोजित चौपालों को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता का आधार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इतना ही नहीं, राशन, आयुष्मान योजना और जमीन के पट्टे जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं को भी इससे जोड़ने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के बयान का उल्लेख करते हुए इसे अपनी आशंका की पुष्टि बताया। सिंहदेव ने कहा कि मतदाता सूची को लेकर सतर्कता केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका स्वयं का नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। इसके साथ ही अपने परिवार और पड़ोस में रहने वाले सरगुजा के वास्तविक एवं वैध निवासियों के नामों की भी जांच करनी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची में संभावित अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि यह भी देखना आवश्यक है कि कहीं ऐसे व्यक्तियों के नाम तो मतदाता सूची में शामिल नहीं कर दिए गए हैं, जो वास्तव में सरगुजा के निवासी नहीं हैं। यदि किसी राजनीतिक दल के चुनावी हितों के लिए बाहरी या गैर निवासी व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए जाते हैं, तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेताओं ने चौपालों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण करने, वैध मतदाताओं के नामों की स्थिति की जानकारी जुटाने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर नियमानुसार आपत्ति एवं सुधार की प्रक्रिया अपनाने की दिशा में सक्रिय रहने का संदेश दिया।
बूथ स्तर पर संगठन कोसक्रिय करने की तैयारी
सुखदेव भगत के दौरे को कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर पार्टी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को लेकर जनता के बीच पहुंच रही है, वहीं दूसरी ओर बूथ स्तरीय चौपालों और विस्तारित बैठकों के जरिए संगठन को सक्रिय करने की तैयारी भी कर रही है। दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के भी सरगुजा में मौजूद रहने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में सरगुजा की राजनीतिक गतिविधियों में कांग्रेस की सक्रियता और बढ़ने के संकेत हैं।


Share

Check Also

अंबिकापुर/सूरजपुर@ 18 जिंदगियां निगल चुका कबरा कान,फिर मचाया खूनी तांडव!

Share सूरजपुर से उदयपुर तक मौत का सफर! कबरा कान ने फिर ली महिला की …

Leave a Reply