Breaking News

बैकुंठपुर/कोरिया@ ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को वार्डों तक ले जाने की तैयारी,बैकुंठपुर में जन चौपाल का आगाज

Share


वार्ड क्रमांक 8 चेर में मंडल स्तरीय जनसंवाद,मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस ने नागरिकों को किया जागरूक
प्रदीप गुप्ता, नजीर अजहर,योगेश शुक्ला और अशोक जायसवाल ने रखे अपने विचार; अभियान के पर्चे बांटकर जन-जन तक पहुंचने का किया आह्वान
-संवाददाता-
बैकुंठपुर/कोरिया,12 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, मतदाता सूची की विश्वसनीयता और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान अब वार्ड स्तर तक पहुंचने लगा है, इसी क्रम में बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में मंडल स्तरीय जन चौपाल संवाद कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड क्रमांक 8 चेर से की गई, आयोजित चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर अभियान के उद्देश्यों,मताधिकार की महत्ता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता की भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला तथा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने संबोधित किया,इस दौरान अभियान से संबंधित पर्चे नागरिकों के बीच वितरित किए गए और मतदाता अधिकारों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
प्रदीप गुप्ता ने मताधिकार की सुरक्षा को बताया लोकतंत्र की मजबूती का आधार- जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने अपने संबोधन में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, उन्होंने मताधिकार को लोकतंत्र की बुनियादी ताकत बताते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना और उसके वोट का अधिकार सुरक्षित रहना आवश्यक है, उन्होंने नागरिकों से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
नजीर अजहर ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर दिया जोर- पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नजीर अजहर ने अपने संबोधन में मतदाता सूची की विश्वसनीयता और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर दिया, उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए निर्वाचन से जुड़ी प्रक्रियाओं का पारदर्शी होना जरूरी है, अभियान के माध्यम से इन मुद्दों पर नागरिकों के बीच जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता भी उन्होंने रेखांकित की।
योगेश शुक्ला ने बूथ और वार्ड स्तर तक अभियान पहुंचाने का किया आह्वान– पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला ने अपने विचार रखते हुए अभियान को संगठनात्मक बैठकों तक सीमित न रखने की बात कही। उन्होंने बूथ, वार्ड और पंचायत स्तर पर नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने तथा मतदाता सूची से जुड़ी जानकारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया,उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने का आह्वान किया।
अशोक जायसवाल ने नागरिकों से अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने की अपील की- पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने अपने संबोधन में मताधिकार को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण अधिकार बताया, उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच करने तथा किसी भी त्रुटि या विसंगति की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराने के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
पर्चे बांटकर ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान से जुड़ने का संदेश- जन चौपाल के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने अभियान से संबंधित पर्चे नागरिकों के बीच वितरित किए, कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए लोगों से अभियान के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया, कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करना है,इसके लिए वार्डों और बूथों में जनसंवाद के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक रहे उपस्थित- कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस शहर अध्यक्ष आशीष यादव ‘लल्ला’, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष अजय सिंह, रियाजउद्दीन, धीरज सिंह, रामायण सिंह, नेता प्रतिपक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह, पार्षद अंकित गुप्ता एवं ललिता सिंह सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, वार्ड क्रमांक 8 चेर से शुरू हुई इस जन चौपाल के माध्यम से कांग्रेस ने बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में अभियान को वार्ड स्तर तक विस्तार देने की शुरुआत की है।
आने वाले समय में अन्य वार्डों में भी जन चौपाल आयोजित कर नागरिकों से संवाद करने और मताधिकार की सुरक्षा तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी है।


Share

Check Also

अंबिकापुर/सूरजपुर@ 18 जिंदगियां निगल चुका कबरा कान,फिर मचाया खूनी तांडव!

Share सूरजपुर से उदयपुर तक मौत का सफर! कबरा कान ने फिर ली महिला की …

Leave a Reply