Breaking News

अंबिकापुर/सूरजपुर@18 जिंदगियां निगल चुका कबरा कान,फिर मचाया खूनी तांडव!

Share

  • सूरजपुर से उदयपुर तक मौत का सफर! कबरा कान ने फिर ली महिला की जान…
  • 18 जिंदगियां निगल चुका कबरा कान,अब ट्रैंकुलाइज कर लगेगा रेडियो कॉलर
  • छह महीने से मौत बांट रहा कबरा कान, आखिर कब थमेगा हाथी का आतंक?
  • वन अमला बेबस, कबरा कान
  • का आतंक बरकरार,अब रेडियो कॉलर से रोकेंगे मौतों का सिलसिला!
  • सूरजपुर के बाद सरगुजा के उदयपुर में दहशत, ड्रोन से निगरानी और स्कूलों में छुट्टी के बावजूद ग्रामीणों में खौफ
  • छह महीने से सूरजपुर,सरगुजा और बलरामपुर के जंगलों में मचा रहा उत्पात,11 नवंबर की रात फिर महिला को कुचलकर मार डाला,उदयपुर के जंगल में पहुंचते ही पांच स्कूलों में छुट्टी,ड्रोन से निगरानी के बीच वन विभाग ने शुरू की घेराबंदी

-ओंकार पाण्डेय-
अंबिकापुर/सूरजपुर,12 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग के जंगलों में पिछले छह महीने से मौत का पर्याय बना कबरा कान हाथी अब वन विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है,एक के बाद एक गांवों में घुसकर ग्रामीणों को कुचलने और लगातार जनहानि की घटनाओं के बावजूद इस हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है, सूरजपुर जिले से लेकर सरगुजा और बलरामपुर के सीमावर्ती वन क्षेत्रों तक विचरण कर रहे इस हाथी ने एक बार फिर इंसानी जिंदगी को अपना निशाना बनाया है,11 नवंबर की रात सूरजपुर जिले के उमेश्वरपुर क्षेत्र के श्यामनगर में 45 वर्षीय महिला दिलासो को कुचलकर मार डालने के बाद हाथी सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में पहुंच गया,इससे पहले उदयपुर के झिरमिटी क्षेत्र में 70 वर्षीय महिला चेंगटी की मौत और खेत में धान काट रही वर्षा ठाकुर के पैर में गंभीर चोट पहुंचाने की घटना भी सामने आ चुकी है, लगातार मौतों और हमलों से प्रभावित गांवों में भय का माहौल है। हालात ऐसे हैं कि हाथी की मौजूदगी वाले जंगल के आसपास के पांच स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए छुट्टी घोषित करनी पड़ी, वन विभाग ड्रोन और अलग-अलग स्थानों पर तैनात टीमों के माध्यम से उसकी निगरानी कर रहा है,आखिरकार लगातार बढ़ते दबाव और जनहानि के बीच प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन ने कबरा कान हाथी को ट्रैंकुलाइज कर उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दे दी है,अब सूरजपुर और बलरामपुर के वनमंडलाधिकारी की संयुक्त जिम्मेदारी में विशेषज्ञों की टीम इस अभियान को अंजाम देने की तैयारी में जुट गई है।
छह महीने से मौत बांट रहा कबरा कान,हर नए हमले के साथ बढ़ रही दहशत-कबरा कान हाथी की पहचान उसके कानों के विशिष्ट धब्बेदार स्वरूप के कारण हुई है,यह हाथी झुंड से अलग अकेले विचरण करता है और पिछले कई महीनों से सूरजपुर, प्रतापपुर,प्रेमनगर,रामानुजनगर,सरगुजा के उदयपुर तथा बलरामपुर के विभिन्न वन क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है,इसकी सबसे बड़ी चुनौती यह है कि हाथी एक स्थान पर टिककर नहीं रहता,रातोंरात कई किलोमीटर का सफर तय कर दूसरे वन क्षेत्र में पहुंच जाता है, इसी वजह से वन विभाग के लिए इसकी गतिविधियों का अनुमान लगाना और प्रभावित गांवों को समय रहते सतर्क करना मुश्किल हो रहा है,दीपावली की रात भी कबरा कान ने दो अलग-अलग घटनाओं में ग्रामीणों की जान ले ली थी,सूरजपुर जिले के सोनपुर क्षेत्र में धान की फसल की रखवाली करने गए मोहनलाल कंवर और प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के श्यामनगर निवासी कृष्णा राजवाड़े को हाथी ने कुचलकर मार डाला था,इसके बाद कंदरई क्षेत्र में विष्णु राम भी हाथी के हमले का शिकार हो गए, लगातार तीन मौतों के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ा और वन विभाग से हाथी को पकड़कर सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर में रखने की मांग तेज हुई, इसी बीच हाथी ने उमेश्वरपुर के श्यामनगर में 45 वर्षीय दिलासो को अपना शिकार बना लिया, रात करीब 11 बजे हाथी की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर महिला अपने पति और बेटे को सतर्क करने के लिए घर से बाहर निकली थी,इसी दौरान हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया और कुचलकर उसकी जान ले ली। परिवार के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला,इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कबरा कान की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में रात के समय ग्रामीणों के लिए खतरा कितना गंभीर हो चुका है।
हाथी की मौजूदगी से स्कूलों में छुट्टी, बच्चों की सुरक्षा बनी प्राथमिकता-कबरा कान हाथी के उदयपुर क्षेत्र में पहुंचने के बाद प्रशासन और वन विभाग की चिंता और बढ़ गई है,झिरमिटी जंगल के आसपास हाथी की मौजूदगी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने एहतियातन पांच स्कूलों में छुट्टी घोषित की, इनमें डूमरडीह,धौंरपारा,ललमटिया पारा,स्वामी आत्मानंद विद्यालय और जरहाडीह स्कूल शामिल बताए गए हैं,प्रशासन का यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है,जंगल के आसपास रहने वाले बच्चे रोजाना स्कूल आने-जाने के लिए रास्तों का उपयोग करते हैं। यदि इसी दौरान हाथी गांव के नजदीक पहुंच जाए तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है,खंड शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडेय के अनुसार हाथी की मौजूदगी वाले जंगल के आसपास के स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर छुट्टी दी गई है, हाथी की गतिविधियों और परिस्थितियों का आकलन करने के बाद ही स्कूलों को पुनः खोलने का निर्णय लिया जाएगा।
ड्रोन से निगरानी,पांच स्थानों पर वन अमला तैनात-हाथी की लगातार बदलती लोकेशन को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है,ड्रोन कैमरों के माध्यम से जंगल में हाथी की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है, इसके अलावा पांच अलग-अलग स्थानों से वन अमले की टीमें निगरानी में जुटी हैं,सरगुजा वनमंडल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं,आसपास के गांवों में ग्रामीणों को हाथी की मौजूदगी की जानकारी दी जा रही है। उन्हें जंगल की ओर नहीं जाने, हाथी के करीब पहुंचकर फोटो या वीडियो नहीं बनाने तथा उसे भगाने या घेरने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है,लेकिन यहां सवाल सिर्फ निगरानी का नहीं है,जब हाथी लगातार अपना क्षेत्र बदल रहा है और कई गांवों में प्रवेश कर रहा है,तब वन विभाग के पास ऐसा प्रभावी सूचना तंत्र होना चाहिए जो हाथी की लोकेशन मिलने के तत्काल बाद प्रभावित गांवों तक चेतावनी पहुंचा सके।
आखिरकार मिली अनुमति, ट्रैंकुलाइज कर लगाया जाएगा सैटेलाइट रेडियो कॉलर-लगातार हो रही जनहानि के बीच वन विभाग ने अब कबरा कान हाथी के वैज्ञानिक प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है,सरगुजा संभाग के वन्यजीव अधिकारियों ने हाथी की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और निगरानी के लिए उसे ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने का प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेजा था,इस संबंध में प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन एवं मुख्य वन्यजीव वार्डन कार्यालय ने अनुमति जारी कर दी है, आदेश के बाद अब हाथी को बेहोश कर उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की तैयारी शुरू की जा रही है,इस अभियान की संयुक्त जिम्मेदारी सूरजपुर और बलरामपुर के वनमंडलाधिकारियों को सौंपी गई है,दोनों जिलों के डीएफओ संयुक्त रूप से प्रभारी एवं नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे,अभियान के लिए विशेषज्ञों,प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों,ट्रैकरों और आवश्यक वन्यजीव प्रबंधन संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी,जरूरत पड़ने पर प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की सहायता भी ली जा सकती है,यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 11(1)(क) के तहत जारी अनुमति और निर्धारित वन्यजीव प्रबंधन प्रक्रिया के अनुरूप की जाएगी।
क्या है सैटेलाइट रेडियो कॉलर और कैसे करेगा काम?- सैटेलाइट रेडियो कॉलर एक विशेष ट्रैकिंग उपकरण है, जिसे हाथी के गले में मजबूत पट्टे के माध्यम से लगाया जाता है,यह उपकरण उपग्रह आधारित प्रणाली के जरिए हाथी की लोकेशन और उसकी गतिविधियों से संबंधित जानकारी वन विभाग तक पहुंचाता है,इससे विभाग को पता चल सकेगा कि हाथी किस दिशा में बढ़ रहा है,किस वन क्षेत्र में मौजूद है और किन गांवों के आसपास पहुंचने की आशंका है। पहले हाथी की मौजूदगी का पता लगाने के लिए वनकर्मियों को जंगल में उसके पैरों के निशान,टूटे पेड़, फसलों को हुए नुकसान और ग्रामीणों से मिली सूचनाओं पर निर्भर रहना पड़ता था,लेकिन रेडियो कॉलर लगने के बाद उसकी लोकेशन की जानकारी अधिक व्यवस्थित तरीके से प्राप्त की जा सकेगी,इसका सबसे बड़ा फायदा यह हो सकता है कि हाथी के संभावित रास्ते में आने वाले गांवों को पहले से अलर्ट किया जा सके। वन विभाग अपनी टीमों को पहले से तैनात कर सकेगा और जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी कर सकेगा, हालांकि,रेडियो कॉलर हाथी को नियंत्रित करने वाला उपकरण नहीं है। यह उसकी गतिविधियों की जानकारी देने वाला माध्यम है,वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि प्राप्त लोकेशन के आधार पर वन विभाग कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।
रेडियो कॉलर लगाने के बाद हर 15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट- वन विभाग की कार्ययोजना में सिर्फ रेडियो कॉलर लगाना ही शामिल नहीं है, बल्कि उसके बाद हाथी की लगातार निगरानी भी महत्वपूर्ण हिस्सा है, अभियान के दौरान हाथी को न्यूनतम शारीरिक नुकसान पहुंचे और आसपास के ग्रामीणों की सुरक्षा बनी रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा,ट्रैंकुलाइज करने के बाद हाथी के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी,रेडियो कॉलर लगाने की प्रक्रिया पूरी होने और हाथी के स्वस्थ पाए जाने पर उसे उसके प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा,इसके बाद उसकी गतिविधियों की नियमित निगरानी होगी और प्रत्येक 15 दिन में शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी,इस व्यवस्था से वन मुख्यालय को भी हाथी की गतिविधियों, उसके विचरण क्षेत्र और अभियान की प्रगति की जानकारी मिलती रहेगी।
पहले भी लगाए जा चुके हैं रेडियो कॉलर,फिर भी चुनौतियां बरकरार- सरगुजा संभाग में हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए पहले भी रेडियो कॉलर का प्रयोग किया जा चुका है,लेकिन पूर्व में कुछ हाथियों के गले से कॉलर गिरने या उनके निकल जाने जैसी समस्याएं सामने आने की जानकारी भी मिलती रही है,ऐसे में कबरा कान के मामले में वन विभाग के सामने सिर्फ कॉलर लगाने की नहीं,बल्कि उसे प्रभावी तरीके से स्थापित करने और लंबे समय तक काम करने योग्य बनाए रखने की चुनौती भी होगी,इसके अलावा हाथी का व्यवहार, उसकी आक्रामकता और विचरण के दौरान मानव बस्तियों के नजदीक पहुंचने की प्रवृत्ति का अध्ययन भी जरूरी होगा,रेडियो कॉलर से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की रणनीति तैयार की जा सकेगी।
क्या रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा कबरा कान?-वन विभाग के सामने यह भी सवाल है कि यदि रेडियो कॉलर लगाने और निगरानी बढ़ाने के बाद भी हाथी के हमले नहीं रुकते हैं तो आगे क्या किया जाएगा? विभागीय स्तर पर यह विकल्प भी चर्चा में है कि यदि हाथी का व्यवहार नियंत्रित नहीं होता और मानव जीवन के लिए खतरा बना रहता है तो उसे रेस्क्यू सेंटर में रखने की दिशा में आगे की अनुमति मांगी जा सकती है, हालांकि,इस तरह का निर्णय हाथी के व्यवहार,स्वास्थ्य,विशेषज्ञों की रिपोर्ट और वन्यजीव संरक्षण से संबंधित निर्धारित प्रक्रियाओं के आधार पर ही लिया जा सकेगा, किसी वन्यजीव को पकड़ना या उसके प्राकृतिक आवास से हटाना आसान कार्रवाई नहीं है,इसलिए वन विभाग को वैज्ञानिक आकलन के साथ ही मानव जीवन की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
15, 16, 17 या 18 मौतें? आंकड़ों में अंतर भी बन रहा सवाल
कबरा कान हाथी के हमलों में हुई मौतों को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं,कुछ रिपोर्टों में छह महीने के भीतर 18 लोगों की मौत बताई गई है,जबकि 12 नवंबर को प्रकाशित कुछ रिपोर्टों में 15 और 16 लोगों के मारे जाने का उल्लेख है,इससे पहले 10 नवंबर की रिपोर्टों में 17 मौतों का आंकड़ा भी सामने आया था, मौतों के आंकड़ों में यह अंतर अपने आप में वन विभाग के लिए रिकॉर्ड और घटनाओं का एकीकृत विवरण सार्वजनिक करने की आवश्यकता को दर्शाता है,कौन-सी घटना किस वनमंडल में हुई,किस तारीख को हुई और कितने लोगों की मौत हुई,इसका स्पष्ट आधिकारिक विवरण सामने आना चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन हो सके।
निगरानी से आगे बढ़कर
जवाबदेही तय करने की जरूरत

कबरा कान हाथी का मामला अब केवल एक हाथी की गतिविधियों तक सीमित नहीं रह गया है, यह सरगुजा संभाग में मानव-हाथी संघर्ष से निपटने की व्यवस्था की प्रभावशीलता का बड़ा सवाल बन चुका है,लगातार जनहानि के बाद रेडियो कॉलर लगाने का निर्णय महत्वपूर्ण जरूर है,लेकिन ग्रामीणों को केवल तकनीक और निगरानी के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता, प्रभावित गांवों में रात्रिकालीन गश्त,तत्काल सूचना पहुंचाने की व्यवस्था,प्रशिक्षित त्वरित प्रतिक्रिया दल,सुरक्षित आश्रय और हाथी प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है,खेतों में काम करने वाले किसानों,जंगल पर निर्भर ग्रामीणों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों के लिए विशेष सुरक्षा योजना बनाई जानी चाहिए। गांवों में सायरन,मोबाइल अलर्ट और स्थानीय वन समितियों के माध्यम से चेतावनी तंत्र को मजबूत किया जाना चाहिए, कबरा कान के लगातार हमलों ने यह साफ कर दिया है कि केवल हाथी की लोकेशन पता कर लेना पर्याप्त नहीं है,असली परीक्षा तब होगी जब वन विभाग को उसकी मौजूदगी की जानकारी मिले और उस जानकारी के आधार पर किसी ग्रामीण की जान बचाई जा सके,अब पूरे सरगुजा संभाग की निगाहें वन विभाग के ट्रैंकुलाइज और रेडियो कॉलर अभियान पर टिकी हैं,ग्रामीणों की उम्मीद है कि यह अभियान सिर्फ कागजी कार्रवाई बनकर न रह जाए,बल्कि उन्हें छह महीने से जारी भय और मौत के इस सिलसिले से वास्तविक राहत दिलाए।
उदयपुर में भी नहीं थमा तांडव, बुजुर्ग महिला
की मौत और दूसरी महिला गंभीर घायल

सूरजपुर के उमेश्वरपुर में महिला की जान लेने के बाद कबरा कान हाथी लक्ष्मीपुर की ओर से सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में प्रवेश कर गया, हाथी की गतिविधियां झिरमिटी और आसपास के गांवों के लिए चिंता का कारण बन गईं, झिरमिटी निवासी 70 वर्षीय महिला चेंगटी अपने घर के पास बाड़ी में बैठी थी, उम्र अधिक होने के कारण वह ठीक से चल-फिर भी नहीं पाती थी, ऐसे में हाथी के अचानक पहुंचने पर उसे भागने का अवसर नहीं मिला, हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई, इसी क्षेत्र में खेत में धान की कटाई कर रही 45 वर्षीय वर्षा ठाकुर पर भी हाथी ने हमला कर दिया, हमले में महिला का पैर टूट गया, गंभीर रूप से घायल महिला को पहले उदयपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, एक तरफ घर के आसपास बैठे बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में है तो दूसरी तरफ खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को भी हाथी के हमले का डर सता रहा है, ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि खेती-किसानी के काम को छोड़कर घरों में बैठे रहना भी संभव नहीं है और खेतों में जाना भी जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जिले में मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन,6 लाख 9 हजार 271 मतदाता दर्ज

Share दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम …

Leave a Reply