Breaking News

रायपुर@सौरभ चंद्राकर को आज स्पेशल कोर्ट में किया जाएगा पेश

Share


पीएमएलए कोर्ट ने ईडी का आवेदन किया स्वीकार,कस्टोडियल रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
रायपुर,12 नवम्बर 2026। जेल में बंद महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार को प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर जेल से ईडी की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीबीआई कोर्ट से आवेदन खारिज होने के बाद ईडी ने पीएमएलए स्पेशल कोर्ट में आवेदन लगाया था। कोर्ट ने ईडी के आवेदन को स्वीकार कर लिया है। कल पुलिस की टीम सौरभ को रायपुर जेल से ईडी कोर्ट लेकर पहुंचेगी। यहां पेशी के बाद ईडी उसे कस्टोडियल रिमांड पर लेने की मांग करेगी, ताकि उससे पूछताछ की जा सके। बता दें कि 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद सौरभ को आज फिर रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था। सीबीआई ने दोबारा कस्टडी नहीं मांगी और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की। जहां से उसे 19 नवंबर तक ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सीबीआई अधिकारी और पुलिस हाई सिक्योरिटी के बीच सौरभ को लेकर कोर्ट पहुंचे। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। इस दौरान वह झोला उठाकर जेल के अंदर जाता दिखा।
महादेव सट्टा ऐप की सीबीआई कर रही जांच
बता दें कि महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच सीबीआई कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 एफआईआर जांच के लिए सीबीआई को सौंपी थीं। इनमें से 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। इसके अलावा ईडी भी मनी लॉन्डि्रंग के एंगल से जांच कर रही है और सौरभ के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।
116 दिन बाद ओमान से भारत लाया गया
सीबीआई के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच शुरू होने के बाद से ही सौरभ चंद्राकर फरार था। वह 2023 से दुबई में रह रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कथित तौर पर फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और यूएई से ओमान पहुंच गया। उसके कथित फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट की जानकारी मिली थी। इसमें उसकी फोटो थी, लेकिन नाम ‘अजंता मेंडिस’ लिखा था, जो श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर अजन्ता मेंडिस से मिलता-जुलता है। पासपोर्ट में जन्मतिथि भी दूसरे दस्तावेजों से अलग थी। खुफिया जानकारी और रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर 8 जुलाई 2026 को ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद सीबीआई और ईडी ने भारत सरकार के जरिए ओमान को प्रत्यर्पण का औपचारिक प्रस्ताव भेजा और सबूत सौंपे। भारत सरकार की एजेंसियों, इंटरपोल और ओमान के अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद प्रत्यर्पण को मंजूरी मिली। इसके बाद सीबीआई की टीम मस्कट पहुंची और 1 नवंबर को उसे भारत लेकर आई थी। ओमान में हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर ने भारत की जेल में अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उसने अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की थी। सौरभ का दावा था कि महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े प्रभावशाली लोग उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
8 दिन की पूछताछ में इन पहलुओं पर जांच
सीबीआई ने सौरभ से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की है। जांच एजेंसी को यह पता लगाना है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका थी।
2022 में दर्ज हुई थी पहली एफआईआर
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद ईडी ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्डि्रंग के एंगल से जांच शुरू की। मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया। सीबीआई ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। जांच में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के जरिए रकम के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।


Share

Check Also

अंबिकापुर/सूरजपुर@ 18 जिंदगियां निगल चुका कबरा कान,फिर मचाया खूनी तांडव!

Share सूरजपुर से उदयपुर तक मौत का सफर! कबरा कान ने फिर ली महिला की …

Leave a Reply