Breaking News

बैकुंठपुर/कोरिया,@ दुकान से घर तक…आखिर कहां टूट गई 17 वर्षीय छात्रा?

Share

  • बैकुंठपुर कांड में कई सवाल अब भी अनुत्तरित
  • सिर्फ कथित प्रताड़ना नहीं…कई चूकें भी आईं सामने…बैकुंठपुर आत्महत्या मामले का दूसरा पक्ष…
  • एक आत्महत्या,कई सवाल : क्या परिवार, पुलिस और समाज समय रहते बचा सकते थे एक मासूम की जिंदगी?
  • बैकुंठपुर आत्महत्या कांड : क्या एक नहीं,कई लापरवाहियों ने छीनी 17 वर्षीय छात्रा की जिंदगी?
  • घटना से पहले कई मौके थे…फिर क्यों नहीं बच सकी एक मासूम? बैकुंठपुर कांड का सामाजिक विश्लेषण…क्या यह आत्महत्या रोकी जा सकती थी?
  • बैकुंठपुर कांड में परिवार,पुलिस और समाज की चूक पर उठे गंभीर सवाल…
  • नाबालिग को अकेले स्कूटी से बाजार भेजने से लेकर मानसिक स्थिति को नजरअंदाज करने तक कई पहलुओं पर मंथन जरूरी, अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होंगे…

-रवि सिंह-
बैकुंठपुर/कोरिया,17 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय आदिवासी छात्रा की आत्महत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है,घटना के बाद पुलिस ने कथित प्रताड़ना के आरोप में तीन लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया,एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है जबकि दो अन्य की तलाश जारी है,पुलिस जांच अपने स्तर पर आगे बढ़ रही है और न्यायालय अंततः तय करेगा कि आपराधिक जिम्मेदारी किसकी बनती है,लेकिन किसी भी दुःखद घटना का एक कानूनी पक्ष होता है और एक सामाजिक पक्ष,कानूनी पक्ष अदालत तय करती है,जबकि सामाजिक पक्ष पर समाज को स्वयं आत्ममंथन करना पड़ता है,यही कारण है कि इस पूरे घटनाक्रम में कुछ ऐसे सवाल भी सामने आते हैं जो केवल आरोपियों तक सीमित नहीं हैं,यदि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है तो परिवार,पुलिस, समाज और शिक्षा व्यवस्था—सभी को अपने हिस्से की जिम्मेदारी स्वीकार करनी होगी।
क्या नाबालिग को स्कूटी देकर अकेले बाजार भेजना भी एक गंभीर चूक थी?-इस पूरे मामले का शायद सबसे महत्वपूर्ण और सबसे कम चर्चा में आया पहलू यही है,बताया गया कि छात्रा स्कूटी चलाकर बाजार गई थी,यदि यह तथ्य सही है,तो पहला सवाल यह उठता है कि क्या उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था? भारत में मोटर वाहन अधिनियम के तहत बिना वैध लाइसेंस सार्वजनिक सड़क पर वाहन चलाना कानून का उल्लंघन है,नाबालिग द्वारा वाहन चलाना केवल बच्चे की नहीं, बल्कि अभिभावक की जिम्मेदारी भी बनती है,यहीं से पहला सामाजिक प्रश्न शुरू होता है, यदि घर में माता-पिता या परिवार का कोई अन्य सदस्य स्वयं सामान खरीद सकता था,तो नाबालिग बच्ची को अकेले भेजने कीआवश्यकता क्यों पड़ी? यदि उसे खरीदारी का अनुभव देना था तो कोई बड़ा सदस्य उसके साथ जा सकता था, यह प्रश्न किसी परिवार को कटघरे में खड़ा करने के लिए नहीं, बल्कि भविष्य के लिए सीख लेने के उद्देश्य से उठाया जाना चाहिए।
घटना के बाद सबसे बड़ी कमी—किसी ने बच्ची का मन नहीं पढ़ा…
बताया गया कि चोरी के आरोप की जानकारी उसी दिन परिवार तक पहुंच गई थी,पुलिस तक भी सूचना पहुंची थी, दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो रही थी,समझौते के प्रयास चल रहे थे,रकम को लेकर भी कथित चर्चा हो रही थी,लेकिन इन सबके बीच सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति कौन था? वह बच्ची,क्या किसी ने उससे पूछा तुम कैसी हो? तुम्हें किस बात का डर लग रहा है?तुम क्या सोच रही हो? तुम्हें किसी सहायता की आवश्यकता है? यहीं सबसे बड़ी कमी दिखाई देती है।
पिता पुलिस विभाग में थे,इसलिए जिम्मेदारी और बढ़ जाती है…
इस मामले का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि छात्रा के पिता स्वयं पुलिस विभाग में पदस्थ थे, पुलिस विभाग नियमित रूप से स्कूलों,कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर यातायात जागरूकता अभियान चलाता है,बच्चों को बताया जाता है बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाना है,नाबालिग वाहन नहीं चलाएंगे,अभिभावक इसकी जिम्मेदारी लें,ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक रूप से उठता है कि क्या वही जागरूकता घर के भीतर भी लागू हुई? यह प्रश्न किसी व्यक्ति विशेष पर दोषारोपण नहीं,बल्कि जिम्मेदारी के व्यापक संदर्भ में है।
यदि बच्ची बाजार नहीं जाती तो क्या घटनाक्रम बदल सकता था?
यह एक अनुमान का विषय अवश्य है,लेकिन सोचने योग्य भी है, यदि वह अकेले बाजार नहीं जाती…यदि कोई बड़ा सदस्य साथ होता…यदि खरीदारी परिवार स्वयं करता…तो क्या यह पूरा विवाद टल सकता था? शायद, शायद नहीं,लेकिन यह संभावना इतनी महत्वपूर्ण है कि इसे अनदेखा नहीं किया जा सकता।
कानूनी समाधान खोजा गया, मानसिक समाधान नहीं…
पूरे घटनाक्रम में सभी लोग समाधान खोज रहे थे,लेकिन समाधान किसका? स्कूटी का, कथित चोरी का,कथित रकम का,समझौते का,लेकिन किसी ने बच्ची की मानसिक स्थिति को समाधान का विषय नहीं बनाया,यही वह बिंदु है जो इस पूरे मामले को केवल एक आपराधिक प्रकरण से आगे ले जाकर सामाजिक त्रासदी बना देता है।
18 घंटे में ऐसा क्या हुआ?
बताया जा रहा है कि विवाद एक दिन हुआ और लगभग 18 घंटे बाद छात्रा ने आत्महत्या कर ली, यानी पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण समय वही था,इन्हीं घंटों में परिवार उसके साथ बैठ सकता था,पुलिस संवेदनशील संवाद कर सकती थी,समाज के जिम्मेदार लोग समझा सकते थे,यदि आवश्यक होता तो मनोवैज्ञानिक परामर्श भी लिया जा सकता था, लेकिन ऐसा हुआ या नहीं,यह जांच का विषय है।
क्या केवल कथित प्रताड़ना ही वजह थी?
यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि आत्महत्या का कारण केवल एक ही था,जांच यह तय करेगी कि घटना तक पहुंचने में किन-किन परिस्थितियों की भूमिका रही,लेकिन सामाजिक विश्लेषण यह जरूर कहता है कि आत्महत्या जैसी घटनाएं अक्सर कई कारणों के संयुक्त प्रभाव से होती हैं,मानसिक दबाव…सामाजिक भय…अपमान..भविष्य की चिंता…अकेलापन …और संवाद की कमी।
बच्चों को केवल पढ़ाना पर्याप्त नहीं,उन्हें जीवन जीना भी सिखाना होगा…
आज अधिकांश अभिभावक बच्चों को अच्छी शिक्षा देना चाहते हैं,अच्छा स्कूल,अच्छे अंक, अच्छा करियर,लेकिन क्या हम उन्हें यह भी सिखा रहे हैं कि गलती होने पर क्या करना है? आलोचना सहना कैसे है? असफलता से कैसे लड़ना है? यदि नहीं,तो यह शिक्षा अधूरी है।
हर परिवार को इस घटना से सीख लेनी चाहिए…
यह घटना केवल एक परिवार की नहीं है,यह हर घर के लिए संदेश है,नाबालिग बच्चों को अकेले वाहन चलाकर बाजार भेजना केवल यातायात नियम का प्रश्न नहीं है,यह सुरक्षा का प्रश्न भी है,यह जिम्मेदारी का प्रश्न भी है,और कभी-कभी यही छोटी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन जाती है।
पुलिस की भूमिका केवल कानून तक सीमित नहीं हो सकती
जब किसी विवाद में किशोर या नाबालिग शामिल हो,तब पुलिस की भूमिका केवल एफआईआर और समझौते तक सीमित नहीं रहनी चाहिए,संवेदनशील मामलों में पुलिस यदि मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाए,परिवार को सचेत करे और आवश्यक होने पर परामर्श की सलाह दे,तो कई बार बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है।
समाज को भी बदलना होगा…
हमारी सामाजिक सोच भी जिम्मेदार है,हम छोटी घटनाओं को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना देते हैं,बच्चे गलती से ज्यादा बदनामी से डरते हैं,यही डर कई बार उन्हें गलत निर्णय लेने की ओर धकेल देता है,हमें ऐसा समाज बनाना होगा जहां गलती सुधारने का अवसर मिले,न कि जीवन समाप्त करने का भय।
दोष तय करना अदालत का काम है, लेकिन सीख लेना समाज का कर्तव्य…
इस मामले में दुकान संचालकों पर लगे आरोपों की जांच कानून के अनुसार होगी और न्यायालय उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपना निर्णय देगा। लेकिन इसके साथ-साथ यह भी आवश्यक है कि हम इस घटना को केवल एक एफआईआर या एक गिरफ्तारी तक सीमित न रखें। यह घटना हमें सिखाती है कि बच्चों को केवल अनुशासन नहीं, भावनात्मक सहारा भी चाहिए,केवल कानून नहीं, संवेदनशील संवाद भी चाहिए,केवल दोषी खोजने से काम नहीं चलेगा,बल्कि उन परिस्थितियों को समझना होगा जिनमें एक 17 वर्षीय बच्ची ने जीवन से हार मान ली,यदि इस घटना से परिवार यह सीखें कि नाबालिगों को अकेले वाहन न चलाने दें,पुलिस यह सीखे कि संवेदनशील मामलों में मानसिक स्थिति पर भी ध्यान देना जरूरी है, और समाज यह समझे कि हर गलती का समाधान है, तो शायद इस दुखद घटना से भविष्य के लिए एक सकारात्मक संदेश निकले। यही उस मासूम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


Share

Check Also

अंबिकापुर@15 वर्षों से जर्जर पड़ी शिकारी रोड की नाली, रहवासियों ने फिर उठाई आवाज

Share नगर निगम आयुक्त से लगाई गुहार, निरीक्षण के निर्देश; बारिश में जलभराव से बढ़ी …

Leave a Reply