Breaking News

अम्बिकापुर@कैंसर मुक्त भविष्य की ओर कदम : अंबिकापुर शहरी क्षेत्र में विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा अंबिकापुर शहरी क्षेत्र में विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। भारत सरकार के राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान में 13 से 18 जुलाई तक 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का एक प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है। निर्धारित आयु में टीकाकरण कराने से भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर होने का जोखिम काफी हद तक कम किया जा सकता है। सभी पात्र बालिकाओं को निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिन्हित टीकाकरण स्थलों पर यह टीका पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन तथा विद्यालय प्रबंधन संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान के अंतर्गत छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व से अवगत कराने के लिए चिकित्सकों द्वारा होली क्रॉस स्कूल,कन्या परिसर स्कूल, मणिपुर स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल सहित अन्य विद्यालयों में जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से टीके की सुरक्षा, प्रभावशीलता एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी जा रही है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@15 वर्षों से जर्जर पड़ी शिकारी रोड की नाली, रहवासियों ने फिर उठाई आवाज

Share नगर निगम आयुक्त से लगाई गुहार, निरीक्षण के निर्देश; बारिश में जलभराव से बढ़ी …

Leave a Reply