कलेक्टर और एसपी ने शहीद परिजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित,समस्याओं के निराकरण का दिया आश्वासन
-संवाददाता-
बलरामपुर,22 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। रक्षित केंद्र बलरामपुर में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर गरिमामय परेड एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वीर जवानों को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में जिले में निवासरत शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रक्षित निरीक्षक एवं परेड कमांडर विमलेश कुमार देवांगन द्वारा पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर को सलामी देने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने कर्तव्य पालन के दौरान देशभर में शहीद हुए पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के नामों का वाचन किया। शहीद स्मारक पर सम्मान सूची स्थापित करने के पश्चात जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर कलेक्टर संजय चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक और शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।
सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद परेड कमांडर के नेतृत्व में शहीद स्मारक के समीप धीमी चाल से मार्च करते हुए परेड का समापन किया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शहीद परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। अधिकारियों ने समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासनिक स्तर पर यथासंभव शीघ्र पहल करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में शहीद परिजनों को सम्मानपूर्वक उनके निवास स्थान तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की गई। पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ उनके परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता प्रकट करने का अवसर बना।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur