Breaking News

वाराणसी@वाराणसी में एयरशो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के पहले दिन दिखा रोमांच, वायुसेना ने मोहा मन

Share


एयर शो में शामिल होने वाले विमान देशभर के 12 वायु अड्डों से भरेंगे उड़ान…

वाराणसी,22 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी में भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ का आगाज रोमांच और उत्साह के बीच हुआ। गुरूवार को पहले दिन गंगा की लहरों के ऊपर आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना, तेज रफ्तार उड़ान और हैरतअंगेज कलाबाजियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। काशी में पहली बार इस तरह के हवाई प्रदर्शन को देखने के लिए युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। सुबह 10 बजे से ही लोग घाटों पर जुटने लगे और गंगा के दोनों तटों पर दर्शकों की भीड़ दिखाई दी। एयर शो के मुख्य आयोजन से पहले नमोघाट और आसपास के घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। आसमान में विमानों की कतारबद्ध उड़ान, सटीक तालमेल और रोमांचक हवाई करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता, तकनीकी दक्षता और सामरिक ताकत का प्रदर्शन देखकर लोग प्रभावित नजर आए। शुरूआत नमोघाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से हुई। एयर शो में केदार, सारंग, ओंकार, गंगा, रुद्र, भागीरथी, त्रिदेव, अलकनंदा, भैरव, कैलाश, त्रिलोचन और दशाश्वमेध सहित विभिन्न नामों पर आधारित हवाई फॉर्मेशन आकर्षण का केंद्र रहे। विमानों ने अनुशासित उड़ान, सटीक समन्वय और शानदार हवाई युद्धाभ्यास के जरिए वायु योद्धाओं की पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया। इस आयोजन में भारतीय वायुसेना के विभिन्न प्रकार के लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टरों की क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए विशेष रूप से फॉर्मेशन तैयार किए गए हैं। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम के करतब भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहे। इसके अलावा ऐतिहासिक हार्वर्ड विमान की मौजूदगी ने एयर शो की शोभा बढ़ाई। हवाई प्रदर्शन में कुल 100 विमानों की भागीदारी निर्धारित है। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल हैं।


Share

Check Also

नई दिल्ली@भारत-कनाडा के बीच शिक्षा और शोध सहयोग पर चर्चा,एमओयू को लागू करने पर जोर

Share नई दिल्ली,22 अक्टूबर 2026। भारत और कनाडा के बीच शिक्षा, शोध और नवाचार के …

Leave a Reply