साइकिल रैली निकाली,मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
रायपुर,22 अक्टूबर 2026। वोट चोरी के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को साइकिल रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। पार्टी ने भाजपा पर चुनाव में गड़बड़ी करने और मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाने के आरोप लगाए। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत आजाद चौक स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा से हुई। यहां से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता आमापारा और तेलघानी नाका होते हुए अंबेडकर अस्पताल पहुंचे। रैली का समापन डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास हुआ।
विकास उपाध्याय बोले…देशभर में आंदोलन कर रही कांग्रेस
प्रदर्शन में शामिल पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि,राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस देशभर में कथित वोट चोरी के मुद्दे पर आंदोलन कर रही है। इसके तहत अलग-अलग जिलों में साइकिल यात्रा,धरना और प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर चुनावी अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
13 करोड़ नाम हटाने का दावा
विकास उपाध्याय ने कहा कि, देशभर में 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अलग-अलग राज्यों में चुनावी फायदा उठाने के लिए वोट चोरी की। उन्होंने भाजपा के निर्वाचित विधायकों और सांसदों के चुनाव पर भी सवाल उठाए।
जनता के सामने मुद्दा उठाने की बात कही : रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि, पार्टी वोट चोरी के मुद्दे को जनता के सामने लाना चाहती है। पार्टी नेताओं ने मतदाता सूची में बदलाव और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग कि लेकिन अब तक उन्होंने ने इस्तीफा नहीं दिया है। वोट चोरी के खिलाफ हमारा प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।
राष्ट्रगान के
बाद किया प्रदर्शन
अंबेडकर प्रतिमा के पास कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के आरोपों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur