नगर निगम आयुक्त से लगाई गुहार, निरीक्षण के निर्देश; बारिश में जलभराव से बढ़ी परेशानी
अंबिकापुर,17 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम अंबिकापुर के वार्ड क्रमांक-22 स्थित शिकारी रोड की सड़क एवं नाली निर्माण की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। क्षेत्र के रहवासियों का कहना है कि करीब 15 वर्षों से नाली क्षतिग्रस्त है, जिसके कारण बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भर जाता है और लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
रहवासियों द्वारा पूर्व में नगर निगम आयुक्त को दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया था कि दीपक किराना से सुनील किराना तक नाली लंबे समय से टूटी हुई है। कई बार जनप्रतिनिधियों और नगर निगम से शिकायत करने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। आवेदन में यह भी बताया गया कि टूटी नाली के कारण आए दिन छोटे बच्चे और बुजुर्ग गिरकर घायल हो जाते हैं, वहीं चार पहिया वाहनों के आवागमन में भी दिक्कतें आती हैं।
इसी समस्या को लेकर हाल ही में एक स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता ने नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर शिकारी रोड की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान नाली का पानी सड़क पर बहने लगता है, जिससे कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी रहती है। स्थानीय लोगों को दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
शिकायत पर नगर निगम आयुक्त ने कहा कि वर्तमान में बरसात के कारण निर्माण कार्य कराना संभव नहीं है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित इंजीनियर प्रेम प्रकाश दुबे को निरीक्षण कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता ने आयुक्त के इस आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि बारिश समाप्त होते ही नाली और सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
रहवासियों का कहना है कि शिकारी रोड लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। उनका आरोप है कि चुनाव के समय विकास के वादे तो किए जाते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के मामले में क्षेत्र आज भी पिछड़ा हुआ है। क्षेत्र में नाली और सड़क की बदहाली के कारण बरसात में हालात और खराब हो जाते हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि शिकारी रोड की सड़क और नाली निर्माण को प्राथमिकता दी जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur