मोबाइल नंबर मांगकर ठगी की आशंका,साइबर सेल जांच में जुटी,लोगों से सतर्क रहने की अपील

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। साइबर ठग अब सरकारी अधिकारियों की पहचान का दुरुपयोग कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला सरगुजा से सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने एसएसपी राजेश अग्रवाल के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है। इस आईडी से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और रिक्वेस्ट स्वीकार करने वालों से मोबाइल नंबर मांगे जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार,कुछ लोगों को एसएसपी के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद उनसे मोबाइल नंबर मांगे गए तो उन्हें संदेह हुआ। इसकी जानकारी एसएसपी को दी गई। जांच में सामने आया कि यह पूरी तरह फर्जी फेसबुक आईडी है। इसके बाद एसएसपी ने मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर साइबर सेल जांच में जुट गई है। फर्जी आईडी पर एसएसपी की प्रोफाइल फोटो के साथ कार्यालय की बैठक का कवर फोटो लगाया गया है। अब तक इस आईडी से 72 लोग जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि इसका इस्तेमाल लोगों से ठगी करने के लिए किया जा सकता है। एसएसपी राजेश अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अधिकारी या परिचित के नाम से आई फ्रेंड रिक्वेस्ट की पुष्टि किए बिना स्वीकार न करें और किसी भी स्थिति में मोबाइल नंबर, ओटीपी, बैंक या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
पहले भी बन चुके हैं फर्जी अकाउंट
इससे पहले सरगुजा और बलरामपुर के कलेक्टरों के नाम से भी फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों को संदेश भेजे गए थे। ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस ने सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur