-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। भाजपा नेताओं से जुड़े मामलों में पुलिस जांच की धीमी गति और कार्रवाई में कथित शिथिलता के विरोध में कांग्रेस सोमवार को एक बार फिर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से मुलाकात करेगी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल विभिन्न प्रकरणों की जांच की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगेगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम अंबिकापुर में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने बताया कि 6 जुलाई को बरसते बारिश में न्याय यात्रा निकालकर आईजी कार्यालय का घेराव किया गया था। उस दौरान जिन मामलों को प्रमुखता से उठाया गया था, उनमें अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मीना बाजार आवंटन से जुड़ी वायरल ऑडियो क्लिप की जांच अब तक लंबित है। ऑडियो में मेला संचालक अनुराग मिश्रा तथा नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के बीच कलाकेंद्र मैदान के आवंटन के संबंध में कथित पैसों के लेनदेन की बातचीत होने का दावा किया गया है। कांग्रेस ने कहा कि स्वयं महापौर भी इस ऑडियो को साजिश बताते हुए जांच की मांग कर चुकी हैं, लेकिन जांच में अब तक प्रगति नहीं हुई है। कांग्रेस ने भिट्ठी भूमि घोटाला मामले में भी जांच की धीमी रफ्तार पर सवाल उठाए। साथ ही सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी से मारपीट के मामले में एसडीएम द्वारा एफआईआर दर्ज कराए जाने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में कोई सामान्य नागरिक आरोपी होता, तो पुलिस की कार्रवाई अलग होती। उन्होंने सरगुजा के प्रभारी मंत्री एवं अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिले की गंभीर घटनाओं और इन मामलों पर उनका सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। कांग्रेस ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल आईजी से सभी मामलों की जांच की प्रगति, अब तक हुई कार्रवाई और आगे की कार्ययोजना की जानकारी मांगेगा। पार्टी का कहना है कि यदि निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur