Breaking News

खड़गवां @ दैनिक घटती-घटना खबर का असर, खड़गवां पीडीएस दुकान की जांच पर उठे सवाल, शिकायतकर्ता बोले-‘जांच में भी लीपापोती’

Share

  • दैनिक घटती-घटना का असर : जांच हुई…लेकिन सच दबाने के आरोप…
  • पीडीएस दुकान में गड़बड़ी,जांच बनी औपचारिकता-खड़गवां में हंगामा
  • खबर के बाद जांच तो हुई,लेकिन पारदर्शिता पर सवाल बरकरार
  • खबर का असर या दिखावा? जांच के नाम पर लीपापोती के आरोप
  • जांच में ही गड़बड़ी? खड़गवां पीडीएस मामले में नया विवाद


-राजेन्द्र शर्मा-
खड़गवां 22 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों को मिलने वाले राशन में अनियमितता की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में जरूर आया, लेकिन जांच की कार्रवाई अब खुद विवादों में घिर गई है। ‘दैनिक घटती-घटना’ में खबर सामने आने के बाद फूड इंस्पेक्टर को जांच के लिए भेजा गया,पर शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई और वास्तविक स्थिति को नजरअंदाज कर दिया गया।
खबर के बाद प्रशासन सक्रिय,लेकिन कार्रवाई पर सवाल
खड़गवां मुख्यालय स्थित पीडीएस दुकान में अनियमित संचालन की खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए फूड इंस्पेक्टर को मौके पर भेजा,यह कार्रवाई इस उम्मीद के साथ की गई थी कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन जांच के बाद जो तस्वीर सामने आई,उसने पूरे मामले को और ज्यादा संदेहास्पद बना दिया है।
शिकायत से शुरू हुआ पूरा मामला
मामले की शुरुआत तब हुई जब हितग्राही अशोक कुमार लोधी ने जिला खाद्य अधिकारी से लिखित शिकायत की,उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गवां की पीडीएस दुकान तय समय पर नहीं खुलती और राशन वितरण में मनमानी की जाती है, शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि कई पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं मिल पाता,जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है,इस शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए।
महिला समूह की अनुपस्थिति ने बढ़ाया संदेह
इस मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है। जानकारी के अनुसार पीडीएस दुकान का संचालन एक महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किया जाता है, लेकिन जांच के दौरान समूह की महिलाएं मौके पर मौजूद नहीं थीं,बताया गया कि उन्हें बाद में बुलाकर बयान लिया गया,इससे जांच प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं,स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संचालन करने वाला समूह मौके पर मौजूद नहीं था,तो जांच की निष्पक्षता पर संदेह होना स्वाभाविक है।
पहले से ही अनियमितता के आरोप
खड़गवां की इस पीडीएस दुकान को लेकर यह पहला मामला नहीं है,स्थानीय हितग्राहियों का कहना है कि दुकान लंबे समय से अनियमित रूप से संचालित हो रही है,दुकान कभी समय पर नहीं खुलती, तो कभी राशन वितरण में देरी होती है,कई बार हितग्राहियों को खाली हाथ लौटना पड़ता है,ऐसे में जब इस मामले को लेकर आवाज उठी और खबर प्रकाशित हुई,तो लोगों को उम्मीद थी कि इस बार ठोस कार्रवाई होगी। लेकिन वर्तमान स्थिति ने लोगों को निराश किया है।
गरीबों के हक पर असर
सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना है,लेकिन यदि इस व्यवस्था में ही अनियमितता हो, तो इसका सीधा असर गरीबों के जीवन पर पड़ता है,खड़गवां के मामले में भी यही देखने को मिल रहा है,जहां हितग्राही अपने हक के राशन के लिए भटकने को मजबूर हैं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर और सही मात्रा में राशन मिले,तो उनकी रोजमर्रा की जरूरतें आसानी से पूरी हो सकती हैं, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में यह संभव नहीं हो पा रहा।
प्रशासन की मंशा पर उठे बड़े सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं,क्या प्रशासन वास्तव में गरीबों के अधिकारों की रक्षा को लेकर गंभीर है? क्या जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई है? क्या जिम्मेदार अधिकारी अनियमितताओं को नजरअंदाज कर रहे हैं? ये सवाल अब आमजन के बीच चर्चा का विषय बन चुके हैं।
उच्चस्तरीय जांच की मांग…
शिकायतकर्ता और स्थानीय लोगों ने इस मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है, उनका कहना है कि यदि सही तरीके से जांच कराई जाए,तो कई अनियमितताएं उजागर हो सकती हैं, साथ ही उन्होंने मांग की है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकान संचालक और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
जांच के दौरान अधूरा निरीक्षण,स्टॉक जांच टाली
शिकायतकर्ता के अनुसार फूड इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर जांच तो की,लेकिन वह पूरी तरह संतोषजनक नहीं रही। आरोप है कि दुकान के स्टॉक की सही तरीके से जांच नहीं की गई, चावल के बोरों पर स्टीग (टैग) नहीं लगे होने का हवाला देकर निरीक्षण को अधूरा छोड़ दिया गया। जबकि नियमों के अनुसार स्टॉक सत्यापन किसी भी जांच का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि स्टॉक की गहन जांच होती,तो कई गड़बडि़यां सामने आ सकती थीं,लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
संचालक को बचाने की कोशिश’ का आरोप
अशोक कुमार लोधी का आरोप है कि जांच निष्पक्ष नहीं थी,बल्कि दुकान संचालक को बचाने के उद्देश्य से की गई,उन्होंने कहा कि फूड इंस्पेक्टर ने ठोस कार्रवाई करने के बजाय गोलमोल जवाब देकर मामले को शांत करने का प्रयास किया,शिकायतकर्ता के अनुसार यह पूरी कार्रवाई ‘लीपापोती’ का उदाहरण है,जिसमें वास्तविक तथ्यों को दबाने की कोशिश की गई।
पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी
विशेषज्ञों का मानना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। यदि जांच प्रक्रिया ही संदिग्ध हो, तो लोगों का भरोसा पूरी व्यवस्था से उठ सकता है,इसलिए जरूरी है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी हो,ताकि आमजन को न्याय मिल सके।
‘खबर का असर’ या ‘औपचारिकता ‘?- ‘दैनिक घटती-घटना’ में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन की कार्रवाई को ‘खबर का असर’ जरूर कहा जा सकता है,लेकिन जिस तरह से जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं,उससे यह भी स्पष्ट होता है कि केवल कार्रवाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका निष्पक्ष और प्रभावी होना भी जरूरी है, खड़गवां की यह घटना प्रशासन के लिए एक परीक्षा की तरह है, जिसमें यह तय होगा कि क्या वास्तव में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी या फिर मामले को यूं ही दबा दिया जाएगा, अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आगे प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या शिकायतकर्ताओं को न्याय मिल पाता है या नहीं।


Share

Check Also

कोंडागांव@CAF कैंप में जवान ने उठाया आत्मघाती कदम, खुद को गोली मारकर दी जान

Share कोंडागांव 09 जून 2026। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में स्थित सीएएफ (CAF) कैंप से …

Leave a Reply