Breaking News

अम्बिकापुर@ मानवाधिकार का नाम लेकर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब

Share

6 आरोपी गिरफ्तार
घर में घुसकर तलाशी,डराकर वसूले रुपए
अम्बिकापुर ,22 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
सीतापुर थाना क्षेत्र में मानवाधिकार संगठन का सदस्य बताकर घरों में घुसकर तलाशी लेने और लोगों को डराकर रुपए वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में एक महिला सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लग्जरी कार और 5 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल की दोपहर करीब 12.30 बजे 6 लोग लग्जरी कार से ग्राम नकना निवासी सुरेंद्र कुमार के घर पहुंचे। पूछताछ करने पर उन्होंने खुद को मानवाधिकार संगठन का सदस्य बताया और जबरन घर में घुसकर तलाशी लेने लगे। इस दौरान शराब बनाने का आरोप लगाकर सुरेंद्र पर मानसिक दबाव बनाया और 20 हजार रुपए की मांग की। केस में फंसाने की धमकी से घबराकर सुरेंद्र ने 4 हजार रुपए दे दिए।
दूसरे घर में भी की वसूली
इसके बाद गिरोह के सदस्य दूसरे पारा में बिंदु महंत के घर पहुंचे और बिना अनुमति घर की तलाशी लेने लगे। घर में रखी दवाइयों को देखकर क्लीनिक चलाने का आरोप लगाया और 1 लाख रुपए की मांग की। डराकर बिंदु महंत से 1 हजार रुपए लेकर आरोपी वहां से फरार हो गए।
जांच में खुला ठगी का नेटवर्क
पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में श्यामलाल सारथी (54), रामाकांत मिंज (34), अनुज भगत (37), आकाश केरकेट्टा (27), आबिद खेस (27) और एक महिला शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 20 अप्रैल को बतौली क्षेत्र में और लुंड्रा थाना क्षेत्र में भी इसी तरह लोगों को डराकर ठगी कर चुके हैं।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
गिरोह का मुख्य सरगना अभी फरार है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई। इसमें उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, सहायक उप निरीक्षक शशि प्रभा दास, प्रधान आरक्षक नीरज पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply