
- घोटाला हुआ या सिर्फ प्रक्रिया गलत थी? बैंक और सिस्टम पर बड़े सवाल
- रकम वही, जांच वही बदला तो सिर्फ फॉर्मेट! 35 लाख केस में ‘प्रक्रिया’ बनी ढाल
- एफआईआर, बर्खास्तगी और जेल की नौबत फिर भी आदेश शून्य — जिम्मेदार कौन?
- किसानों की बीमा राशि पर गबन का आरोप, पर कार्रवाई ढीली — जवाबदेही किसकी?
- घोटाला भारी, कागज़ हल्का! सहकारी बैंकिंग तंत्र पर उठे सवाल
- दोषी कौन? घोटाला हुआ या सिर्फ प्रक्रिया गलत थी?
- 35.78 लाख गबन केस में बैंक, जांच और न्याय व्यवस्था पर बड़े सवाल
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,14 फरवरी 2026(घटती-घटना)। 35 लाख 78 हजार रुपये का फसल बीमा घोटाला,कलेक्टर स्तर की जांच, एफआईआर दर्ज, चार कर्मचारियों की सेवा समाप्ति, तीन साल बाद न्यायालय ने कार्रवाई शून्य कर दी,अब सवाल यह है-अगर बैंक प्रबंधक दोषी नहीं है तो दोषी कौन है? और अगर घोटाला हुआ है, तो फिर जिम्मेदार कौन ठहरेगा?
घोटाला हुआज् या सिर्फ फाइलों में गलती हुई?- दस्तावेज बताते हैं कि वर्ष 2019-20 में किसानों की फसल बीमा राशि में 35.78 लाख की अनियमितता सामने आई, कलेक्टर सूरजपुर द्वारा गठित जांच दल ने रिपोर्ट दी। बैंक ने चार कर्मचारियों को निलंबित किया। एफआईआर दर्ज हुई। बोर्ड बैठक हुई, सेवा समाप्ति का आदेश 5 जून 2023 को जारी हुआ, इतनी सारी कार्रवाइयों के बाद सवाल उठता है, क्या यह सब बिना आधार के हुआ था? अगर जांच रिपोर्ट सही नहीं थी तो एफआईआर क्यों हुई? अगर जांच रिपोर्ट सही थी तो विभागीय कार्रवाई न्यायालय में टिक क्यों नहीं पाई?
न्यायालय ने क्या कहा – और क्या नहीं कहा- न्यायालय ने यह नहीं कहा कि घोटाला नहीं हुआ, न्यायालय ने यह भी नहीं कहा कि कर्मचारी निर्दोष हैं, न्यायालय ने कहा प्रक्रिया सही नहीं अपनाई गई, प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन नहीं हुआ, आरोपों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय नहीं की गई, अब बड़ा सवाल अगर प्रक्रिया इतनी कमजोर थी, तो बैंक ने कार्रवाई इतनी जल्दी और इतने भरोसे से कैसे कर दी?
व्यंग्य की सच्चाई: “घोटाला साबित, लेकिन फॉर्मेट गलत!”- आज स्थिति यह है कि घोटाले की राशि वही है, जांच वही है, एफआईआर वही है, लेकिन गलत निकली तो सिर्फ “प्रक्रिया”, लोग पूछ रहे हैं — क्या सहकारी तंत्र में असली लड़ाई रकम की नहीं, कागज की लाइन की होती है?
जेल की नौबत कैसे आई?- जब मामला पुलिस तक गया, एफआईआर दर्ज हुई, गिरफ्तारी की स्थिति बनी — तो क्या पुलिस ने भी बिना जांच के कार्रवाई कर दी थी? यदि विभागीय न्यायालय मानता है कि आरोप तय करने की प्रक्रिया सही नहीं थी, तो क्या इसका मतलब यह है कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट ही अधूरी थी? अगर रिपोर्ट अधूरी थी तो तीन साल तक कर्मचारी सेवा से बाहर क्यों रहे? अगर रिपोर्ट मजबूत थी तो बैंक न्यायालय में उसे मजबूती से साबित क्यों नहीं कर पाया?
क्या बैंक ने अपना पक्ष कमजोर रखा?- सूत्रों का कहना है कि बैंक ने न्यायालय में अपने दस्तावेज और साक्ष्य उतनी मजबूती से प्रस्तुत नहीं किए, यदि यह सच है, तो यह सिर्फ कानूनी चूक नहीं यह किसानों के हित के साथ लापरवाही है, क्योंकि मामला किसी निजी कंपनी का नहीं था —यह किसानों की फसल बीमा राशि का था।
किसानों का हित – सबसे बड़ा सवाल- यदि हर बार यही होगा कि घोटाला सामने आएगा, कार्रवाई होगी, फिर प्रक्रिया की कमी में आदेश शून्य हो जाएगा — तो किसानों का हित कौन बचाएगा? क्या सहकारी बैंकिंग व्यवस्था में जवाबदेही सिर्फ कागज तक सीमित रह जाएगी? क्या दोष तय करने से ज्यादा जरूरी “फाइल का फॉर्मेट” हो गया है?
राजनीतिक परछाईं- लोग यह भी कह रहे हैं कि जिस कार्रवाई की शुरुआत एक सरकार के दौर में हुई, वही दूसरी सरकार में कानूनी रूप से ढीली पड़ गई, हालांकि यह आरोप सिद्ध नहीं हैं, लेकिन यह धारणा क्यों बन रही है? सिस्टम की पारदर्शिता इतनी कमजोर क्यों है कि लोग ऐसे सवाल पूछने लगें?
मामला व्यक्ति का नहीं, सिस्टम का है- यह लड़ाई सिर्फ एक कर्मचारी की नौकरी की नहीं है, यह सहकारी तंत्र की विश्वसनीयता की लड़ाई है, यदि दोषी है — तो सजा मिले, यदि निर्दोष है — तो स्पष्ट रूप से निर्दोष घोषित हो, लेकिन “प्रक्रिया की गलती” के सहारे न तो दोष छुपे और न ही किसान ठगे जाएं, आज जनता का सवाल साफ है —घोटाला हुआ तो और अगर जिम्मेदार तय नहीं हो पा रहा, तो फिर जवाबदेही किसकी है?
घोटाले के पुरे प्रक्रिया पर सवाल-
1)- क्या न्यायालय में पूरे साक्ष्य रखे गए थे?- स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि क्या बैंक प्रबंधन ने न्यायालय संयुक्त पंजीयक, सरगुजा संभाग अंबिकापुर के समक्ष सभी आवश्यक दस्तावेज, जांच प्रतिवेदन, लेखा विवरण और गवाहों के बयान पूरी मजबूती से प्रस्तुत किए थे? यदि जांच में हितग्राहियों के खातों से प्रधानमंत्री फसल बीमा मुआवजा राशि के आहरण और अनियमितता का उल्लेख था, तो न्यायालय में वे बिंदु किस रूप में रखे गए? यह स्पष्ट होना जरूरी है कि क्या आरोपों की वित्तीय जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय की गई थी? क्या प्रत्येक आरोपी कर्मचारी की भूमिका अलग-अलग दर्शाई गई थी? क्या बैंक की ओर से विधिक सलाह लेकर पैरवी की गई थी? पारदर्शिता के लिए बैंक प्रबंधन को इन प्रश्नों पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देना चाहिए।
2)-क्या बैंक आदेश के विरुद्ध अपील करेगा?- अब सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय यह है कि क्या बैंक न्यायालय के आदेश के विरुद्ध उच्च प्राधिकारी या अपीलीय मंच पर चुनौती देगा? यदि बैंक को लगता है कि आदेश में विधिक या तथ्यात्मक त्रुटि है, तो अपील एक स्वाभाविक कदम माना जाएगा, यदि अपील नहीं की जाती, तो यह प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि, क्या बैंक विभागीय प्रक्रिया की त्रुटि स्वीकार कर रहा है? या आगे नई जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी? इस पर बैंक की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना आवश्यक है।
3)-गबन राशि की वसूली की स्थिति क्या है?- पूरे मामले का मूल मुद्दा किसानों की फसल बीमा मुआवजा राशि है, यदि जांच में अनियमितता या गबन का उल्लेख किया गया था, तो: अब तक कितनी राशि की वसूली हुई? क्या वसूली प्रक्रिया लंबित है? क्या संबंधित कर्मचारियों से वित्तीय दायित्व तय कर रिकवरी नोटिस जारी किए गए? यदि विभागीय आदेश शून्य हो गया है, तो क्या वसूली प्रक्रिया भी प्रभावित होगी — यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
4)-मिलीभगत की आशंकाओं पर स्पष्टता जरूरी- कुछ स्थानीय स्तर की चर्चाओं में यह आशंका भी व्यक्त की जा रही है कि क्या कमजोर पैरवी या अधूरे दस्तावेजों के कारण मामला पलटा, हालांकि ऐसे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन सार्वजनिक विश्वास बनाए रखने के लिए बैंक को यह स्पष्ट करना चाहिए कि: पैरवी किस स्तर पर की गई? क्या सक्षम विधिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया था? क्या आंतरिक स्तर पर जांच अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी? पारदर्शिता ही इन शंकाओं को समाप्त कर सकती है।
5)-क्या पुनः बहाली संभव है?- यदि विभागीय आदेश शून्य घोषित हुआ है, तो क्या संबंधित कर्मचारियों की सेवा स्थिति पर पुनर्विचार होगा? कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि विभागीय कार्रवाई शून्य होने का अर्थ स्वतः दोषमुक्ति नहीं होता, बैंक चाहे तो नियमानुसार नई जांच प्रक्रिया शुरू कर सकता है, लेकिन यदि पुनः बहाली की स्थिति बनती है, तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि: क्या आपराधिक प्रकरण लंबित रहते हुए सेवा बहाल की जाएगी? क्या वित्तीय दायित्व स्पष्ट किए बिना पुनः नियुक्ति होगी?
6)-व्यापक जवाबदेही की जरूरत- यह मामला अब सिर्फ चार कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहा, यह सहकारी बैंकिंग तंत्र की कार्यप्रणाली, जांच प्रक्रिया की गुणवत्ता और विधिक तैयारी की मजबूती का प्रश्न बन गया है, जनता के मन में जो प्रमुख प्रश्न हैं, वे यह हैं: यदि प्रक्रिया गलत थी तो उस प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार अधिकारी पर क्या कार्रवाई होगी? क्या भविष्य में ऐसे मामलों के लिए स्पष्ट दिशानिर्देश बनाए जाएंगे? किसानों के हित की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे?
अब तय होना चाहिए:
क्या जांच रिपोर्ट पूर्ण और स्पष्ट थी?
क्या विभागीय जांच नियमों के अनुरूप हुई?
क्या बैंक ने न्यायालय में अपना पक्ष पूरी मजबूती से रखा?
किसानों की कथित गबन राशि की अंतिम जिम्मेदारी किसकी है?
यदि प्रक्रिया गलत थी, तो जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई क्यों नहीं?
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur